रायबरेली के जगतपुर में कार सवार मां-बेटी पर ईंट-पत्थरों से हमला। सहमी बच्ची की गुहार का वीडियो वायरल, प्रधान के बेटों समेत तीन हिरासत में।

रायबरेली। जनपद के जगतपुर थाना क्षेत्र के उड़वा गांव के पास बुधवार सुबह कार सवार मां-बेटी पर दबंगों ने ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले से कार के अंदर बैठी 12 साल की बच्ची बुरी तरह सहम गई और चीखते हुए मां से बोली, मम्मी, बचा लीजिए प्लीज। वहीं, दहशत में डूबी महिला भी कार के भीतर से लगातार मदद की गुहार लगाती रही। इस सनसनीखेज घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

स्कूल छोड़ने जा रही थीं मां-बेटी

उड़वा गांव निवासी रिद्धिमा सिंह बुधवार सुबह करीब सात बजे अपनी बेटी को कार से स्कूल छोड़ने जा रही थीं। जैसे ही उनकी कार गांव के पास पहुंची, कुछ लोगों ने रास्ते में उनकी गाड़ी रोक ली। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने किसी पुरानी रंजिश या विवाद के चलते कार पर ईंट-पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और मां-बेटी अंदर ही फंस गईं।

प्रधान के बेटे हिरासत में, पुलिस जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। मामले में प्रधान के दो बेटों रितेश मिश्रा, सत्यम मिश्रा के अलावा शिवम मिश्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी मारपीट का आरोप लगाया गया है। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की गहराई से जांच-पड़ताल कर रही है।

रिपोर्ट - रविशंकर सिंह

..........................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822