सावन की दूसरी सोमवारी पर सुल्तानगंज से हजारों डाक बम देवघर रवाना हुए। 74 वर्षीय कृष्णा बम ने भी फिर शुरू की पैदल यात्रा। जानें श्रावणी मेला की ताज़ा अपडेट।
भागलपुर।
श्रावणी मेला के तहत सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा वैद्यनाथ धाम में जलार्पण के लिए कांवरियों का सैलाब उमड़ पड़ा है। सुल्तानगंज से बड़ी संख्या में डाक बम और सामान्य श्रद्धालु गंगाजल लेकर देवघर के लिए रवाना हुए हैं। लगातार तीसरे दिन श्रद्धालुओं की संख्या दो लाख से अधिक दर्ज की गई।
42 वर्षों तक डाक कांवर उठाने वाली कृष्णा बम फिर रवाना:
मुजफ्फरपुर निवासी 74 वर्षीय चर्चित महिला श्रद्धालु कृष्णा बम (माता बम) रविवार को गंगाजल लेकर देवघर के लिए पैदल रवाना हुईं। गत वर्ष घुटने में तकलीफ के कारण वह यात्रा नहीं कर सकी थीं। उज्जैन में महाकाल की पूजा के बाद सुल्तानगंज पहुंचीं कृष्णा बम ने कहा कि बाबा वैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए जलार्पण की व्यवस्था को और सुलभ बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने श्रावणी मेला को राष्ट्रीय मेला घोषित करने की मांग भी की। यात्रा के दौरान रास्ते में उनकी एक झलक पाने और आशीर्वाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
हजारों डाक बमों ने उठाया गंगाजल:
प्रखंड नियंत्रण कक्ष के अनुसार रविवार शाम पांच बजे तक 4,994 डाक बम सुल्तानगंज से बाबा धाम के लिए प्रस्थान कर चुके थे, जिनमें 306 महिला और 4,688 पुरुष डाक बम शामिल हैं। इसके अलावा सामान्य कांवरियों की संख्या 2,21,436 दर्ज की गई। अजगैवीनाथ धाम के सीढ़ी घाट पर डाक प्रमाण पत्र और पर्ची कटाने के लिए काउंटरों पर लंबी कतारें देखी गईं।
कठिन साधना और विशेष तैयारी करते हैं डाक बम:
सुल्तानगंज घाट पर मिले जहानाबाद, गिरिडीह, जमुई और नालंदा के डाक बमों ने बताया कि इस यात्रा के लिए वे महीनों पहले से तैयारी करते हैं। श्रद्धालु यात्रा से एक माह पूर्व ही नंगे पैर चलने का अभ्यास शुरू कर देते हैं और सात्विक आहार ग्रहण करते हैं। जल उठाने से पूर्व पैरों में रक्त संचार बनाए रखने और छालों से बचाव के लिए तलवों में नींबू रगड़ने की पारंपरिक पद्धति अपनाई जाती है।
...................................................................................................
Krishna Bam Deoghar, Krishna Bam Sultanganj, Shravani Mela Deoghar, Deoghar Dak Bam News, Sultanganj to Deoghar Kanwar Yatra, Baba Baidyanath Dham Somwari, Bhagalpur Deoghar News
