लखीसराय के प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में सावन की तीसरी सोमवारी पर मची भगदड़ में 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 25 से अधिक घायल हो गए। जानें हादसे की पूरी वजह और घायलों की स्थिति।

 

लखीसराय।

 

सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर लखीसराय के प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में जलार्पण करने उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के दौरान सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मंदिर परिसर के समीप मची भगदड़ में दबने से 7 महिला श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा सुबह करीब साढ़े छह बजे मंदिर प्रांगण से करीब 400 मीटर दूर रेलवे स्टेशन अशोकधाम के पास हुआ।

 

कैसे हुई घटना?

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रवेश द्वार पर कतार में लगने को लेकर श्रद्धालुओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हुई। भीड़ का अत्यधिक दबाव होने के कारण बांस की बैरिकेडिंग टूट गई, जिससे महिलाओं का समूह पास ही जलजमाव वाले इलाके में गिर पड़ा। उसी दौरान सड़क किनारे लगा बिजली का खंभा भी गिर गया। हालांकि खंभे पर कवर वाले तार थे, लेकिन भीड़ में करंट फैलने की अफवाह फैल गई। जान बचाने की होड़ में अफरा-तफरी मच गई और लोग एक-दूसरे को कुचलते हुए भागने लगे।

 

प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल

हादसे के बाद सदर अस्पताल परिसर में आक्रोशित परिजनों ने शवों को रखकर सड़क जाम किया और जिला प्रशासन पर बदइंतजामी व लापरवाही का आरोप लगाया। जनप्रतिनिधियों ने भी घटना पर गहरा दुख जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। सूचना मिलने के बाद राहत एवं बचाव दल ने स्थिति पर काबू पाया। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल और स्थानीय क्लिनिकों में चल रहा है।

 

हादसे में मृतकों की सूची:


मणिमाला देवी (44 वर्ष), पति - निरंजन कुमार (बड़हिया, लखीसराय)

रिंकू देवी (50 वर्ष), पति - नीरज यादव (सफिया सराय, मुंगेर)

हेमलता देवी (55 वर्ष), पति - सुरेंद्र यादव (कैन्दी प्रतापपुर, हलसी, लखीसराय)

ललिता देवी (45 वर्ष), पति - गोरेलाल यादव (प्रतापपुर, हलसी, लखीसराय)

सोनी देवी (50 वर्ष), पति - निरंजन सिंह (बड़हिया, लखीसराय)

संगीता देवी (40 वर्ष), पति - रणवीर यादव (प्रतापपुर, हलसी, लखीसराय)

सावित्री देवी (35 वर्ष), पति - मोहन यादव (चंदनिया, सूर्यगढ़ा, लखीसराय)

 

हादसे में विमला कुमारी, रीना कुमारी, कुमकुम देवी, रेनू देवी, अमिरिका देवी, क्रांति देवी सहित कुल 25 अन्य श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।

..........................................................................................

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822