लखीसराय के अशोकधाम मंदिर के पास सावन की तीसरी सोमवारी पर करंट की अफवाह से मची भगदड़ में 5 श्रद्धालुओं की मौत, 18 घायल। पढ़ें पूरी ग्राउंड रिपोर्ट।
लखीसराय। सावन की तीसरी सोमवारी के पावन अवसर पर बिहार के प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए उमड़ी अपार भीड़ के बीच सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। अशोकधाम रेलवे स्टेशन के समीप बिजली का पोल और तार गिरने से करंट फैलने की अफवाह उड़ गई, जिसके बाद मची भगदड़ में पांच श्रद्धालुओं की दम घुटने और दबने से मौत हो गई, जबकि 18 से अधिक लोग घायल हो गए। हालांकि, मृतकों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि प्रशासन की ओर से की जानी बाकी है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस घटना पर दुख जताया है और मृतक की आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना अशोकधाम रेलवे स्टेशन के पास की है, जहां से मंदिर परिसर में प्रवेश के लिए मुख्य बैरिकेडिंग की शुरुआत होती है। उसी समय स्टेशन पर एक लोकल ट्रेन आकर रुकी थी, जिससे अचानक श्रद्धालुओं का भारी जत्था उतरा। इसी दौरान बैरिकेडिंग के बाहर खेत में लगे बिजली का पोल अचानक झुककर गिर गया। देखते ही देखते भीड़ में करंट फैलने की अफवाह जंगल में आग की तरह फैल गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। इस बीच सूचना मिली की मृतकों की पहचान कर ली गई है। उनमें मनमाला देवी (उम्र 44) पति निरंजन कुमार बड़हिया, ललिता देवी45 पति गोरेलाल यादव हलसी प्रतापपुर, सोनी देवी (50) पति निरंजन सिंह बड़हिया, रिंकू देवी (50) पति नीरज यादव मुंगेर सफिया सराय, संगीता देवी (40) पति रणवीर यादव हलसी प्रतापपुर और हेमलता देवी (55) पति सुरेन्द्र यादव कैन्दी प्रतापपुर हलसी की रहनेवाली थीं
हादसे की जानकारी देते हुए लखीसराय के एसडीपीओ शिवम कुमार ने बताया, "सावन की तीसरी सोमवारी होने के कारण श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ थी। अशोकधाम स्टेशन के पास लोकल ट्रेन से उतरे यात्रियों के बीच बिजली का तार गिरने की अफवाह उड़ी। जान बचाने की हड़बड़ी में कई महिला श्रद्धालु बैरिकेडिंग छोड़कर नीचे खेत में कूदने की कोशिश करने लगीं, जहां संतुलन बिगड़ने से वे नीचे गिर गईं और उनके ऊपर अन्य लोगों का तांता लग गया। इस हादसे में कुछ लोगों की मौत हुई है और कई चोटिल हुए हैं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल मंदिर परिसर में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में खुशबू कुमारी (बायपास), शबनम कुमारी (इंदूपुर) और स्वीटी कुमारी (पिपरिया) शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है। पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने और घायलों की सहायता में जुटी हुई है।
