एनएच 727 पर लौरिया प्रखंड के बसवरिया पराउटोला में तेज रफ्तार शाही बस ने ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को रौंदा। हादसे में 6 लोगों की मौत, 4 घायल। मौके पर मची चीख-पुकार।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, मुजफ्फरपुर।

 

पश्चिम चंपारण के लौरिया प्रखंड अंतर्गत बेतिया मार्ग पर स्थित बसवरिया पराउटोला के पास शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। एनएच 727 पर गोरखपुर से बेतिया जा रही तेज रफ्तार 'शाही बस' ने सड़क किनारे खड़े होकर ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 4 लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

 

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सड़क किनारे स्थित शत्रुघ्न दुबे के घर छठियारी का कार्यक्रम था, जहां रात में ऑर्केस्ट्रा का आयोजन किया जा रहा था। सड़क किनारे लोगों की भारी भीड़ जमा थी। इसी दौरान लौरिया की ओर से आ रही अनियंत्रित और तेज रफ्तार शाही बस ने सामने से आ रहे एक गैस सिलेंडर लदे ट्रक से बचने के चक्कर में भीड़ को अपनी चपेट में ले लिया।

 

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायलों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों में संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम शामिल हैं।

 

घटना के बाद चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर हंगामा किया। सूचना मिलते ही स्थानीय लौरिया थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बस को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

 

...........................................................................................

 

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822