गिरिडीह के मधुबन थाना में एसीबी धनबाद की रेड। स्कॉर्पियो बीमा क्लेम के लिए सन्हा देने के एवज में 5 हजार घूस लेते कंप्यूटर ऑपरेटर विक्रम कुमार चौधरी गिरफ्तार


गिरिडीह/धनबाद। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) धनबाद की टीम ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरिडीह जिले के मधुबन थाने से कंप्यूटर ऑपरेटर विक्रम कुमार चौधरी को 5,000 रुपये रिश्वत लेते हुए दबोचा। आरोपी पुलिस कर्मी को सीधे थाना प्रभारी के कक्ष से गिरफ्तार किया गया है। जिस वक्त यह कार्रवाई हुई, उस समय थाना प्रभारी दीपेश कुमार छुट्टी पर थे, लेकिन एसीबी की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि विक्रम थाना प्रभारी के ही निर्देश पर यह रिश्वत ले रहा था। गिरफ्तारी के तुरंत बाद एसीबी टीम आरोपी को अपने साथ धनबाद ले गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 19 जुलाई 2026 को चैनपुर में एक स्कॉर्पियो गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी प्रकार के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ था।

वाहन मालिक (परिवादी) ने इस दुर्घटना के संबंध में टाटा एआईजी बीमा कंपनी (Tata AIG Insurance) से बीमा क्लेम (Insurance Claim) प्राप्त करने के लिए मधुबन थाना प्रभारी को लिखित आवेदन दिया था। बीमा कंपनी के नियमों के तहत क्लेम पास कराने के लिए थाना से लिखित सन्हा (Station Diary entry) की मांग की जा रही थी।

जब परिवादी इस जरूरी कागजी कार्रवाई और सन्हा की कॉपी लेने के लिए मधुबन थाना पहुंचा, तो थाना प्रभारी दीपेश कुमार द्वारा इसके एवज में 5,000 रुपये रिश्वत की मांग की गई। पीड़ित व्यक्ति रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने मामले की शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) धनबाद से कर दी।

एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद जाल बिछाया और बुधवार को मधुबन थाने में छापा मारकर कंप्यूटर ऑपरेटर विक्रम कुमार चौधरी को थाना प्रभारी के कमरे से ही 5,000 रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822