रांची। झारखंड पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को कुल 16 माओवादियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें छह माओवादी ऐसे हैं, जिन पर कुल 39 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वालों में संतोष महतो उर्फ बसुदेव दा उर्फ दिलीप भी शामिल है। उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह 128 आपराधिक मामलों में वांछित था।
अधिकारी के अनुसार, सरेंडर करने वाले 16 माओवादियों में पांच महिला सदस्य भी शामिल हैं। इनके अलावा संगठन का एक क्षेत्रीय समिति (रीजनल कमेटी) सदस्य और एक जोनल समिति (जोनल कमेटी) सदस्य भी इस समूह का हिस्सा हैं।
झारखंड पुलिस का मानना है कि इन माओवादियों के आत्मसमर्पण से राज्य में नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के अभियान को और मजबूती मिलेगी। पुलिस लगातार आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के जरिए उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय माओवादियों को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास कर रही है।
