कोडरमा में रांची-पटना रोड स्थित बसुंधरा पेट्रोल पंप के पास सोमवार सुबह अचानक एक विशाल बरगद का पेड़ गिर गया। इससे करीब आधे घंटे तक आवाजाही बाधित रही। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई कर मार्ग बहाल कराया।
कोडरमा। रांची-पटना मुख्य मार्ग पर सोमवार की सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत बसुंधरा पेट्रोल पंप के समीप अचानक एक विशालकाय बरगद का पेड़ सड़क के बीचों-बीच गिर गया। पेड़ गिरने के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई और देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार सुबह यातायात सामान्य रूप से चल रहा था। इसी दौरान बसुंधरा पेट्रोल पंप के पास स्थित पुराना बरगद का पेड़ अचानक जमींदोज होकर मुख्य सड़क पर आ गिरा। गनीमत यह रही कि जिस समय पेड़ गिरा, उस वक्त उसके नीचे से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था। इस वजह से एक बड़ा हादसा टल गया और किसी भी प्रकार के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
मुख्य मार्ग होने के कारण सड़क पर बसों, ट्रकों और छोटे वाहनों का दबाव अधिक था। पेड़ गिरने से करीब आधे घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस और कोडरमा नगर पंचायत को दी गई। सूचना मिलते ही नगर पंचायत के कर्मचारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से जेसीबी और कटर की मदद से पेड़ की डालियों को काटकर सड़क से हटाया गया। लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को साफ कर यातायात पुनः सुचारू रूप से शुरू कराया गया।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822