बोकारो के सेक्टर-6 डेली मार्केट मोड़ पर रविवार सुबह भीषण आग लगने से 8 दुकानें जलकर खाक हो गईं। लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है, हालांकि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।


बोकारो। शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल सेक्टर-6 डेली मार्केट मोड़ पर रविवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में आठ फुटपाथ दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जिससे दुकानदारों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ है।


स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार सुबह लगभग 6:45 बजे 'प्रसाद होटल' से अचानक धुएं का तेज गुबार उठते देखा गया। देखते ही देखते आग की लपटों ने आसपास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। सुबह का समय होने के कारण बाजार में लोगों की चहल-पहल कम थी, लेकिन धुआं और लपटें देखकर क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही झारखंड अग्निशमन विभाग की दो और बोकारो स्टील प्लांट (BSL) की एक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया और इसे आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया।


प्रभावित दुकानों में प्रसाद होटल, आशुतोष होटल, धर्मेंद्र होटल, दुर्गा सैलून के अलावा चार अन्य फुटपाथी दुकानें भी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं।


घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों में गहरा शोक है। पीड़ित दुकानदारों का कहना है कि उनकी आजीविका का एकमात्र साधन ये दुकानें ही थीं। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों (जैसे शॉट सर्किट या गैस रिसाव) का पता लगाया जा रहा है, और प्रशासन द्वारा नुकसान के आकलन की प्रक्रिया जारी है।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822