पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में स्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल तारापीठ के एक चार मंजिला होटल में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। जानिए हादसे की पूरी डिटेल।


तारापीठ । पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन स्थल तारापीठ में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ एक चार मंजिला होटल में अचानक भीषण आग लगने से कम से कम सात लोगों की जलकर और दम घुटने से मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।


पुलिस और स्थानीय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 5 बजे का है। आग चार मंजिला होटल की ग्राउंड फ्लोर पर लगी। जिस समय आग भड़की, उस समय होटल के ज्यादातर कमरों में ठहरे श्रद्धालु और पर्यटक गहरी नींद में सो रहे थे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी इमारत में गाढ़ा धुआँ भर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।


घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियाँ और स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुँची। कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया और इमारत में फँसे लोगों को बाहर निकाला।


घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ कुछ लोगों की हालत अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि मामले की विस्तृत जाँच शुरू कर दी गई है।