धनबाद के केंदुआडीह 5 नंबर स्थित राजपूत बस्ती में जोरदार धमाके के साथ जमीन धंस गई और बड़ा गोफ़ बन गया। गोफ़ से जहरीली गैस का रिसाव जारी है, जिससे लाल बहादुर सिंह समेत आसपास के घरों पर खतरा मंडरा रहा है।
केंदुआडीह। धनबाद जिले के केंदुआडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत 5 नंबर मस्जिद मोहल्ला स्थित राजपूत बस्ती के पास लगातार हो रही बारिश के बीच अचानक एक भयानक हादसा सामने आया है। राजपूत बस्ती में स्थानीय निवासी लाल बहादुर सिंह के घर के समीप बने बागान में अचानक एक जोरदार धमाका हुआ, जिसके तुरंत बाद वहां की जमीन धंस गई और एक बड़ा गोफ़ बन गया।
धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि पूरा इलाका दहल उठा। जमीन धंसने के तुरंत बाद गोफ़ से भारी मात्रा में जहरीली व दमघोंटू गैस का तेजी से रिसाव शुरू हो गया है। इस अचानक हुए हादसे और गैस के रिसाव के कारण आसपास की पूरी आबादी और निवासियों में भारी दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।

गंभीर चिंता की बात यह है कि जहां यह गोफ़ बना है, वहां से महज कुछ ही गज की दूरी पर चारों तरफ घनी आबादी और रिहायशी मकान स्थित हैं। गोफ़ से बिलकुल सटकर लाल बहादुर सिंह, गोरे ताम्रकार, सागर सिंह तथा भीम सिंह के घर मौजूद हैं। जमीन धंसने और लगातार गैस का रिसाव होने से इन मकानों के अस्तित्व पर सीधा खतरा मंडराने लगा है।
क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश के कारण गोफ़ का आकार और चौड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। बारिश का पानी धंसी हुई जमीन में समा रहा है, जिससे अंदर की मिट्टी और खोखली होकर आसपास के मकानों को अपनी चपेट में ले सकती है। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत संबंधित प्रशासन और बीसीसीएल (BCCL) प्रबंधन को दे दी है, ताकि समय रहते गोफ़ की भराई कराई जा सके और किसी भी बड़ी अनहोनी या जान-माल के नुकसान को रोका जा सके।