मेरठ के एमसीसी हॉस्पिटल में नर्स नेहा की जहर का इंजेक्शन देकर हत्या। शादी का दबाव बनाने पर प्रेमी सुरेश और साथी फरहान ने ओटी में दिया वारदात को अंजाम, पुलिस ने किया गिरफ्तार।
कंचन क्रांति ब्यूरो, मेरठ।
मेरठ के लोहिया नगर इलाके में स्थित एमसीसी हॉस्पिटल (MCC Hospital) के अंदर एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। अस्पताल के ही ऑपरेशन थिएटर (OT) में एक कर्मचारी ने अपनी प्रेमिका नर्स को जहर का इंजेक्शन लगाकर मौत के घाट उतार दिया। इस खौफनाक साजिश में अस्पताल के एक अन्य कर्मचारी ने भी उसका साथ दिया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शादी का दबाव बनी मौत की वजह
पुलिस तफ्तीश में सामने आया कि फफूड़ा की रहने वाली 25 वर्षीय नेहा (नर्स) का अस्पताल के ही कर्मचारी सुरेश के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। नेहा लगातार सुरेश पर शादी करने का दबाव बना रही थी, लेकिन सुरेश इस रिश्ते से पीछा छुड़ाना चाहता था। शादी के इसी दबाव से छुटकारा पाने के लिए सुरेश ने नेहा को रास्ते से हटाने की खौफनाक प्लानिंग कर डाली।
ओटी में दबोचा, फिर नस में उतारा मौत का जहर
शनिवार सुबह नेहा रोज की तरह अपनी ननद के साथ ड्यूटी के लिए घर से निकली थी। दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही वह अस्पताल के ओटी (OT) में दाखिल हुई, वहां सुरेश अपने साथी कर्मचारी फरहान के साथ पहले से घात लगाए बैठा था।
जैसे ही नेहा अंदर आई, फरहान ने उसके हाथ कसकर पकड़ लिए और सुरेश ने उसका मुंह बंद कर नस में जहर (नशे) का हैवी इंजेक्शन लगा दिया। तड़पते हुए नेहा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सुसाइड दिखाने की थी पूरी तैयारी, कॉपियों ने खोला राज
हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए सुरेश ने एक शातिर चाल चली। उसने खुद एक फर्जी सुसाइड नोट लिखा और उसे नेहा की जेब में डाल दिया। मौके पर सल्फास की गोलियां भी बिखेर दी गईं ताकि पुलिस इसे खुदकुशी समझे। सुसाइड नोट में नेहा के ससुराल वालों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए गए थे।
जब दोपहर 12 बजे नेहा की लाश मिली तो अस्पताल में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची लोहिया नगर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। इसी बीच पहुंचे नेहा के परिजनों ने सुसाइड नोट की लिखावट पर शक जाहिर किया। परिजन अपने साथ नेहा की पुरानी कॉपियां लेकर आए थे। जब लिखावट का मिलान किया गया, तो पुलिस का शक गहरा गया और जांच की दिशा बदल गई।
मोबाइल कॉल डिटेल से खुला राज
एसपी सिटी मेरठ, विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई थीं। जब मृतका के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली गई, तो सुरेश और नेहा के प्रेम प्रसंग का कच्चा चिट्ठा सामने आ गया। पुलिस ने जब सुरेश और फरहान को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो दोनों टूट गए और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल इंजेक्शन भी बरामद कर लिया है।
एक साल पहले पति ने भी की थी खुदकुशी
इस दुखद घटना का एक पहलू यह भी है कि करीब एक साल पहले नेहा के पति रवि कुमार ने भी आत्महत्या कर ली थी। पति की मौत के बाद पूरे परिवार और बच्चों की जिम्मेदारी नेहा के कंधों पर आ गई थी। इसी मजबूरी के कारण उसने एमसीसी हॉस्पिटल में नौकरी शुरू की थी, लेकिन उसे क्या पता था कि जहां वह लोगों की जान बचाने का काम सीख रही है, वहीं उसकी जिंदगी का अंत कर दिया जाएगा।
...........................................................................................................................
Meerut Nurse Murder, MCC Hospital Meerut, Nurse Injection Murder Meerut, Lohia Nagar Meerut Crime, मेरठ नर्स हत्याकांड, एमसीसी हॉस्पिटल मेरठ, प्रेमी ने की नर्स की हत्या
