ऊपर फोटो में दिख रहीं तमन्ना मलिक पिछले साल बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा में शामिल हुई थीं। इस बार मेरठ और असमोली पुलिस ने उनके परिवार को परंपरागत वेशभूषा में ही यात्रा निकालने की सलाह दी है।


मेरठ। ऊपर जो फोटो आप देख रहे हैं, वह तमन्ना मलिक की है। तमन्ना मलिक पिछले साल कांवड़ यात्रा के दौरान बुर्का पहनकर जल लाने के कारण सुर्खियों में आई थीं। चूँकि कांवड़ यात्रा की एक निश्चित और परंपरागत वेशभूषा होती है, इसलिए इस बार किसी भी संभावित विवाद को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन को समय रहते हस्तक्षेप करना पड़ा है।

पति को बुलाकर पुलिस ने की बातचीत

आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए अमरोहा की असमोली पुलिस ने तमन्ना मलिक के पति को थाने बुलाकर बातचीत की। पुलिस अधिकारियों ने उनसे अनुरोध किया कि इस बार यात्रा को उसके परंपरागत स्वरूप में ही संपन्न कराया जाए और यात्रा के दौरान बुर्का पहनकर कांवड़ न लाई जाए।

'उद्देश्य हस्तक्षेप नहीं, सौहार्द्र बनाना है'

क्षेत्राधिकारी (CO) अमन कुमार सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष की घटना को ध्यान में रखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया:

"पुलिस का उद्देश्य किसी भी नागरिक की व्यक्तिगत धार्मिक स्वतंत्रता में हस्तक्षेप करना नहीं है। हमारी प्राथमिकता कांवड़ यात्रा के दौरान सामाजिक सौहार्द्र, आपसी भाईचारा और कानून-व्यवस्था को बनाए रखना है। यदि किसी गतिविधि से किसी समुदाय की धार्मिक भावनाएँ आहत होने या विवाद बनने की आशंका हो, तो संवाद के माध्यम से उसे टालना प्रशासन की जिम्मेदारी है।"

सभी समुदायों से संवाद जारी

पुलिस अधिकारियों ने संबंधित परिवार से पूर्ण सहयोग की अपील की है ताकि कांवड़ यात्रा पूरी श्रद्धा और शांति के साथ संपन्न हो सके। इसके साथ ही प्रशासन ने बताया कि यात्रा को निर्विघ्न बनाने के लिए क्षेत्र के विभिन्न समुदायों के प्रबुद्ध लोगों और नागरिकों से लगातार संवाद कायम किया जा रहा है।

.........................................................................................................................

तमन्ना मलिक कांवड़ यात्रा, बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा, मेरठ कांवड़ यात्रा समाचार, Kanwar Yatra Burqa Row, Amroha Police Tamanna Malik, सामाजिक सौहार्द कांवड़ यात्रा