गुजरात से प्रेमी संग फरार यूपी की नाबालिग को पुलिस ने जमुई के मड़वा गांव से बरामद किया। गुजरात पुलिस प्रेमी युवक को गिरफ्तार कर साथ ले गई।

ए आलम, जमुई।

करीब तीन वर्षों के प्रेम प्रसंग के बाद परिजनों की मर्जी के खिलाफ जाकर प्रेमी संग जमुई पहुंची एक नाबालिग लड़की को गुजरात पुलिस ने बरामद कर लिया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्रेमी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया है। जमुई कोर्ट में नाबालिग का बयान दर्ज कराने के बाद गुजरात पुलिस दोनों को अपने साथ लेकर रवाना हो गई।

गिरफ्तार प्रेमी की पहचान जमुई टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा गांव निवासी संजय पासवान के पुत्र चंद्रदीप पासवान के रूप में हुई है। वहीं नाबालिग लड़की मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की रहने वाली है।

कंपनी में काम के दौरान हुआ था प्यार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाबालिग का परिवार और आरोपी युवक चंद्रदीप अपने-अपने पिता के साथ गुजरात में एक ही इलाके में रहकर काम करते थे। लगभग तीन साल पहले दोनों के बीच मुलाकात हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गई।

2000 किमी दूर आकर मंदिर में की शादी

परिजनों से शादी की अनुमति न मिलने पर करीब सात दिन पहले नाबालिग अपने प्रेमी के साथ गुजरात से भागकर लगभग 2,000 किलोमीटर दूर जमुई के मड़वा गांव आ गई। यहां दोनों ने एक मंदिर में अंतरजातीय विवाह कर लिया और गांव में ही रहने लगे।

इधर, लड़की के परिजनों ने इस संबंध में गुजरात के राजकोट थाने में अपहरण और गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए राजकोट पुलिस की एक टीम जमुई पहुंची। टाउन थाना पुलिस के सहयोग से मड़वा गांव में छापेमारी कर नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया गया और प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को गुजरात ले जाया गया है।

..........................................................................

सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822