मुरादाबाद के रामगंगा पुल से प्रेमी युगल ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर नदी में छलांग लगा दी। कूदने से पहले युवक ने ताऊ को व्हाट्सऐप पर मैसेज भेजा। पीएसी फ्लड यूनिट और गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी।
कंचन क्रांति ब्यूरो, मुरादाबाद।
दिल्ली-लखनऊ हाईवे बाईपास स्थित रामगंगा पुल शनिवार दोपहर एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाले वाकये का गवाह बना। कटघर थाना क्षेत्र के पीतलनगरी सूरजनगर के रहने वाले एक प्रेमी युगल ने एक-दूसरे का हाथ थामकर रामगंगा नदी के उफनते पानी में छलांग लगा दी। नदी में कूदने से चंद मिनट पहले युवक ने अपने ताऊ को व्हाट्सऐप पर एक आखिरी संदेश भेजा, जिसे पढ़कर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और पीएसी की फ्लड यूनिट ने स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अभी तक दोनों का कुछ पता नहीं चल सका है।
परिजनों की डांट से आहत होकर उठाया कदम
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीतलनगरी सूरजनगर निवासी प्रदीप गोस्वामी का बेटा तुषार (जो बुधबाजार के एक कपड़ा शोरूम में काम करता था) और उसी के मोहल्ले की रहने वाली दसवीं कक्षा की एक किशोरी के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुक्रवार की रात दोनों फोन पर बात कर रहे थे, तभी किशोरी के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और काफी डांट-फटकार लगाई। इस बात से आहत होकर किशोरी ने रात में ही पूरी बात तुषार को बता दी थी, जिसके बाद दोनों ने आत्मघाती कदम उठाने का मन बना लिया।
व्हाट्सऐप पर वीडियो कॉल की, फिर भेजा आखिरी मैसेज
शनिवार सुबह करीब 10 बजे तुषार अपनी बुलेट मोटरसाइकिल लेकर शोरूम जाने के लिए निकला था। उधर, किशोरी भी चुपचाप अपने घर से निकल पड़ी। दोनों बुलेट से रामगंगा पुल पर पहुंचे। सुबह 11:50 बजे तुषार ने अपने ताऊ सुधीर गोस्वामी को पहले नॉर्मल कॉल और फिर वीडियो कॉल की, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके ठीक बाद तुषार ने व्हाट्सऐप पर एक दिल दहला देने वाला मैसेज भेजा:
ताऊ, मैं मरने जा रहा हूं। बाइक पुल पर खड़ी है, दूसरी चाबी लेकर आ जाना।
राहगीर ने बचाने की कोशिश की, पर नाकाम रहा
मैसेज भेजने के बाद दोनों एक-दूसरे का हाथ पकड़कर पुल की रेलिंग पर चढ़ गए। इसी दौरान दिल्ली की तरफ जा रहे एक बाइक सवार राहगीर की नजर उन पर पड़ी। अनहोनी की आशंका में वह युवक शोर मचाते हुए उन्हें बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही दोनों ने नदी में छलांग लगा दी।
पीएसी की फ्लड यूनिट और गोताखोर तलाश में जुटे
मैसेज देखते ही तुषार के ताऊ ने परिजनों और कटघर थाना पुलिस को सूचना दी। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुल पर खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल से परिजनों ने तुषार की पहचान की। पुलिस ने पीएसी की फ्लड यूनिट और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। दोनों एक ही मोहल्ले और एक ही बिरादरी के बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और सबका रो-रोकर बुरा हाल है।
.........................................................................................................................
मुरादाबाद न्यूज़, रामगंगा पुल हादसा, प्रेमी युगल ने नदी में छलांग लगाई, मुरादाबाद सुसाइड केस, कटघर थाना पुलिस, एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह, Moradabad Love Affair Tragedy, Ramganga River Moradabad, Moradabad Police Search Operation.
