मुंगेर के कासिम बाजार में कूड़ा फेंकने का विरोध करने पर पड़ोसी युवक ने महिला किराना दुकानदार के पेट में चाकू घोंप दिया। गंभीर हालत में महिला सदर अस्पताल में भर्ती है, आरोपी हिरासत में।

कंचन क्रांति न्यूज, मुंगेर।

कासिम बाजार थाना क्षेत्र के फौजदारी बाजार में रविवार की सुबह कचरा फैलाने का विरोध करने पर एक सिरफिरे युवक ने महिला किराना दुकानदार को चाकू घोंपकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस वारदात से इलाके में अफरातफरी और सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से घायल महिला को सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

दरवाजा बंद करने और कूड़ा फेंकने को लेकर था पुराना विवाद

जानकारी के अनुसार, घायल महिला की पहचान फौजदारी बाजार निवासी गोपाल साह की पत्नी वीणा देवी के रूप में हुई है। वह अपने घर के बाहर ही एक छोटी सी किराना दुकान चलाती हैं। अस्पताल में पुलिस को दिए अपने बयान में वीणा देवी ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला 'हरिया' नाम का युवक आए दिन उन्हें परेशान करता था। आरोपी अक्सर उनके घर का दरवाजा बाहर से बंद कर देता था और दूसरी जगहों से कचरा उठाकर उनके घर के बरामदे में फेंक देता था।

बेटा, ऐसा क्यों करते हो?' बोलने पर आपा खो बैठा आरोपी

रविवार सुबह भी आरोपी हरिया ने वही हरकत दोहराई और बरामदे में कूड़ा फेंक दिया। जब वीणा देवी ने उसे प्यार से समझाने की कोशिश की और कहा- बेटा, ऐसा काम क्यों करते हो?, तो वह अचानक आपा खो बैठा और गाली-गलौज करने लगा। बहस बढ़ते ही आरोपी ने जेब से चाकू निकालकर सीधे वीणा देवी के पेट पर वार कर दिया। पेट में चाकू लगते ही महिला लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ीं।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी हिरासत में

कासिम बाजार थानाध्यक्ष रूबीकांत कच्छप ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पीड़िता को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हरिया को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू की बरामदगी और मामले की गहनता से जांच में जुटी है।

.....................................................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822