मुंगेर के तारापुर में बोल बम सेवा ट्रस्ट जमशेदपुर द्वारा नि:शुल्क कांवड़िया सेवा शिविर की शुरुआत। श्रद्धालुओं के लिए सात्विक भोजन, शरबत व दवाइयों का नि:शुल्क प्रबंध।
तारापुर (मुंगेर)।
राजकीय श्रावणी मेले के अवसर पर बोल बम सेवा ट्रस्ट, जमशेदपुर की ओर से रविवार को तारापुर में नि:शुल्क सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन बाबा भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ, जिसके उपरांत कांवड़ियों के लिए अनवरत भंडारे का संचालन शुरू कर दिया गया।
कांवड़ यात्रा मार्ग का पहला प्रमुख सेवा शिविर
सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर देवघर की पैदल यात्रा पर निकलने वाले शिवभक्तों के लिए यह शिविर अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यात्रा मार्ग में कांवड़ियों को मिलने वाला यह पहला प्रमुख सेवा शिविर है। शिविर में श्रद्धालुओं के लिए चाय, नींबू पानी, सत्तू का शरबत, ताजा फल, साबूदाने की खीर और पूरी-सब्जी व दाल-भात सहित शुद्ध सात्विक भोजन की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है। आयोजकों द्वारा सभी भक्तों को आदरपूर्वक बैठाकर भोजन कराया जा रहा है। शिविर के समीप ही मुंगेर जिला प्रशासन, पर्यटन सूचना केंद्र तथा स्वास्थ्य विभाग के केंद्र भी संचालित हो रहे हैं। इससे श्रद्धालुओं को आवश्यक प्रशासनिक मार्गदर्शन और प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही स्थान पर सुलभ हो रही हैं। बोल बम सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि पूरा मेला अवधि के दौरान यह शिविर 24 घंटे संचालित रहेगा और कांवड़ियों की सेवा पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ की जाएगी।
....................................................................................
तारापुर न्यूज, मुंगेर श्रावणी मेला, बोल बम सेवा ट्रस्ट जमशेदपुर, तारापुर कांवड़ शिविर, सुल्तानगंज देवघर मार्ग, Munger News, Shravani Mela Tarapur
