टेंट संचालक मुन्ना साह की गोली मारकर हत्या। काली पूजा पंडाल के पास हुई घटना में पुलिस ने दूसरे जिले में तैनात दो सिपाहियों को लिया हिरासत में। पढ़ें पूरी खबर

साहिबगंज। झारखंड के साहिबगंज जिले के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत पोखरिया रेलवे फाटक के पास रविवार की देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। काली पूजा पंडाल के पास बैठे एक टेंट संचालक की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दूसरे जिले में कार्यरत दो सिपाहियों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे फिलहाल पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस जघन्य वारदात को सर्विस पिस्तौल से अंजाम दिया गया है।

मृतक की पहचान पोखरिया मोहल्ला निवासी 45 वर्षीय टेंट संचालक मुन्ना साह के रूप में हुई है। परिजनों और चश्मदीदों के मुताबिक, घटना की रात करीब 2 बजे मुन्ना साह अपने एक स्टाफ के साथ बड़ी काली मंदिर के पंडाल के पास बैठे थे, जहां काली पूजा का उत्सव चल रहा था।

इसी दौरान बाइक पर सवार होकर दो युवक वहां पहुंचे। बाइक रुकते ही उनमें से एक युवक मुन्ना साह से किसी बात को लेकर उलझ गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उस युवक ने अपनी कमर से पिस्तौल निकाली और मुन्ना साह के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही टेंट संचालक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े, जिससे पंडाल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल मुन्ना साह को आपातकालीन स्थिति में सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. रेहान ने प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार, मुन्ना साह के सिर में गोली लगने की वजह से उनकी हालत बेहद गंभीर थी, जिसके चलते उन्हें तुरंत बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। हालांकि, हायर सेंटर ले जाने के क्रम में रास्ते नहीं उन्होंने दम तोड़ दिया।

मृतक के पुत्र ने पुलिस को दिए अपने बयान में गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनके पिता को पोखरिया मोहल्ले के ही रहने वाले सिपाही पवन कुमार साह ने गोली मारी है। उसके साथ एक अन्य सिपाही भी मौजूद था।

हिरासत में लिए गए दोनों युवक पोखरिया मोहल्ले के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो वर्तमान में राज्य के किसी अन्य जिले में बतौर सिपाही अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह ने बताया कि पुलिस इस सनसनीखेज वारदात की हर एंगल से बारीकी से जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए दोनों पुलिसकर्मियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के असली कारणों और इसमें शामिल अन्य पहलुओं का खुलासा किया जा सके। पुलिस का कहना है कि सबूतों और बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जाएगी।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822