साहिबगंज में मुजफ्फरपुर सीबीआई की टीम ने फर्जी शैक्षणिक प्रमाण पत्र मामले में छापेमारी कर शिक्षक पुरुषोत्तम मिश्रा को हिरासत में लिया। पढ़ें पूरी डिजिटल न्यूज रिपोर्ट


साहिबगंज। मुजफ्फरपुर सीबीआई (एंटी करप्शन ब्यूरो - ACB) की टीम ने शुक्रवार को साहिबगंज व गोड्डा जिले में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने स्थानीय जिरवाबाड़ी थाना पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर शिक्षक पुरुषोत्तम मिश्रा को हिरासत में ले लिया है। उनके खिलाफ मुजफ्फरपुर सीबीआई कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।

यह पूरा मामला सीबीआई के केस आरसी 04(ए)/13 से जुड़ा हुआ है। सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार शिक्षक पुरुषोत्तम मिश्रा पूर्व में जेजेएस महाविद्यालय (JJS College) का संचालन करते थे। यह मामला इस कॉलेज से जारी किए गए शैक्षणिक प्रमाण पत्रों में कथित फर्जीवाड़े से संबंधित है। चर्चा है कि इस फर्जीवाड़े के कारण पहले भी कई लोगों के सर्टिफिकेट और उनकी नौकरियां रद्द की जा चुकी हैं, जिसकी जांच अब सीबीआई कर रही है।

सीबीआई की टीम पिछले तीन दिनों से साहिबगंज के एक होटल में ठहरी हुई थी। जांच के दौरान टीम ने तीन बार गोड्डा का दौरा किया और मोबाइल लोकेशन के आधार पर विभिन्न जगहों पर पूछताछ की। शुक्रवार को स्थानीय पुलिस की मदद से पचगढ़ स्थित उनके मकान पर छापेमारी की गई। हिरासत में लेने के बाद सीबीआई टीम आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत करने ले गई है। जिला पुलिस ने इस पूरी कार्रवाई की पुष्टि कर दी है।