मुजफ्फरपुर में नाला निर्माण के दौरान JCB की खुदाई से IOCL की पीएनजी पाइपलाइन फट गई। भीषण विस्फोट में कोचिंग संचालक की मौत हो गई और 13 लोग घायल हो गए। हादसे में 6 मकान और कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोबरसही में सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे एक भीषण रसोई गैस (PNG) हादसा हो गया। नाला निर्माण के दौरान जेसीबी (JCB) से खुदाई करते समय मुख्य पीएनजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन फटने के बाद गैस रिसाव से जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में आने से एक कोचिंग संचालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में 13 अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं, जिनमें से एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर किया गया है।
विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि 50 मीटर के दायरे में स्थित 6 मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कई वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोबरसही से डुमरी जाने वाले मार्ग पर RCD के ठेकेदार द्वारा नाला निर्माण कराया जा रहा था। प्रमोद साह और अमोद साह के मकान के सामने खुदाई के दौरान जेसीबी का बॉकेट लगने से पीएनजी की मुख्य पाइपलाइन कट गई।
इपलाइन कटते ही तेजी से गैस का रिसाव होने लगा। निर्माण कार्य करा रहे मुंशी और मौके से गुजर रहे आईओसीएल (IOCL) के कर्मचारी ने तुरंत कंपनी की एजेंसी को कॉल कर सूचना दी, लेकिन करीब 35 मिनट तक रिसाव बंद करने की कोई पहल नहीं की गई। समय पर रिसाव बंद न होने के कारण रिसाव वाली जगह पर अचानक भीषण विस्फोट हो गया।
विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास का इलाका दहल उठा। स्कूटी से गुजर रहे कोचिंग संचालक का सिर धड़ से अलग हो गया और वह उछलकर 10 मीटर दूर एक ऑटो रिपेयर शॉप के शटर से जा टकराए।
50 मीटर के दायरे में आने वाले अमोद, प्रमोद, शशिभूषण, राजीव साह, अरुण गुप्ता, चंदन गुप्ता और राजीव गुप्ता के मकानों की दीवारें दरक गईं तथा दरवाजे और खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए।
हादसे में JCB, जदयू (JDU) नेता की थार जीप, एक पिकअप पार्सल वैन, दो बाइक और दो स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। थार जीप में सवार राजापाकड़ निवासी अवधेश सिंह के परिवार के 4 लोग भी घायल हो गए।
मृतक में श्रीनिवास सिंह, मूल निवासी सीवान, वर्तमान में श्रीनगर कॉलोनी में किराए पर रहकर कोचिंग चलाते थे।
हादसे में घायल 13 लोगों को पास के आशा हॉस्पिटल, सदर अस्पताल और SKMCH में भर्ती कराया गया है। इनमें विकास कुमार (IOCL कर्मी, डुमरी), मो. जावेद (जदयू नेता), अवधेश कुमार, अशोक कुमार, शरद कुमार, रणधीर कुमार (वैशाली निवासी), रुखसाना खातून और उनका पुत्र अयान (तारसन किशुन, तुर्की), मुकेश कुमार (बहादुरपुर), सोनम कुमारी (गोबरसही), विजय राम, जय मंगल शामिल हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही आधे घंटे के भीतर सदर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएम कुमार गौरव, एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा, सिटी एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी, नगर आयुक्त, और एसडीपीओ नगर-2 भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे।
इसके अलावा विधायक रंजन कुमार, अजीत कुमार, एमएलसी बंसीधर ब्रजवासी और मंत्री केदार गुप्ता के पुत्र मुरारी ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822