लखनऊ के बढ़नी रोड पर नकटी नाले में डूब रहे दो मासूम बच्चों के लिए ट्रक चालक देवदूत बना। समय रहते शोर मचाकर ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया। जानें पूरा मामला


लखनऊ। राजधानी के बढ़नी रोड स्थित नकटी नाले के गहरे पानी में डूब रहे दो मासूम बच्चों के लिए रविवार शाम एक ट्रक चालक फरिश्ता बनकर पहुंचा। पुल से गुजरते समय चालक की पैनी नजर पानी में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे बच्चों पर पड़ी, जिसके बाद उसने बिना एक पल गंवाए ट्रक रोका और बचाव कार्य में जुट गया। चालक की तत्परता और समझदारी की वजह से समय रहते दोनों मासूमों की जान बचा ली गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बढ़नी रोड पर नकटी नाले के पास ट्रैक्टर मिस्त्री राशिद खान का घर है। रविवार शाम उनके दो छोटे बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। खेलते-खेलते दोनों बच्चे अनजाने में नकटी नाले की ओर चले गए और गहराई का अंदाजा न होने के कारण गहरे पानी में उतर गए। नाले में उतरते ही दोनों डूबने लगे और जान बचाने के लिए हाथ-पैर मारने लगे।

इसी दौरान नाले के पुल से गुजर रहे एक सिख ट्रक चालक (सरदार जी) की नजर डूबते बच्चों पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए तुरंत ट्रक सड़क किनारे रोका और खुद बचाने की कोशिश के साथ-साथ जोर-जोर से शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई।

चालक की आवाज सुनकर पास के दुकानदार और ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े। बिना समय गंवाए ग्रामीणों ने नाले के गहरे पानी में छलांग लगा दी और दोनों बच्चों को बाहर निकाला।

नाला से बाहर निकालते समय तक दोनों बच्चे बेहोश हो चुके थे। ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें तत्काल पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल के संचालक डॉ. वफी शाह ने बताया कि अस्पताल लाते ही दोनों बच्चों का आपातकालीन उपचार शुरू किया गया। प्राथमिक इलाज के बाद एक बच्चे की स्थिति में सुधार होने पर उसे दवा देकर डिस्चार्ज कर दिया गया है। वहीं दूसरे बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे आईसीयू (ICU) में भर्ती कर डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

समय रहते बच्चों को डूबता देख लोगों को एकत्र करने और जान बचाने वाले ट्रक चालक की पूरे इलाके में जमकर सराहना हो रही है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि बढ़नी रोड स्थित नकटी नाला काफी गहरा है और बारिश के दिनों में इसका जलस्तर व बहाव अत्यधिक तेज हो जाता है। इसके बावजूद नाले के किनारे न तो सुरक्षा दीवार है और न ही कोई रेलिंग लगाई गई है।

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि हादसे को रोकने के लिए नकटी नाले के किनारे जल्द से जल्द सुरक्षा दीवार, लोहे की रेलिंग और चेतावनी बोर्ड लगवाए जाएं, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822