नालंदा के परासी मध्य विद्यालय में मिड-डे मील में नमक की जगह डिटर्जेंट पाउडर मिलने से 48 बच्चे बीमार हो गए। अस्पताल में इलाज के बाद सभी बच्चे सुरक्षित हैं।
पटना/नालंदा। नालंदा जिले के नूरसराय प्रखंड स्थित परासी मध्य विद्यालय में मंगलवार को मिड-डे मील (एमडीएम) के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई। खाने में नमक की जगह डिटर्जेंट पाउडर मिलाए जाने से 48 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी, दस्त और सिर चकराने की शिकायत के बाद बच्चों को इलाज के लिए पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सब्जी में मिलाया गया डिटर्जेंट पाउडर
मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर के भोजन में बच्चों को चावल और सोयाबीन की सब्जी परोसी गई थी। दूसरी पंगत में बैठे कुछ छात्रों ने सब्जी में नमक कम होने की बात कही। इसके बाद रसोईये ने गलती से नमक के बजाय सर्फ (डिटर्जेंट पाउडर) मिला दिया। खाना खाते ही बच्चों को उल्टियां होने लगीं और तबीयत बिगड़ने लगी। घटना के बाद कुछ शिक्षकों के स्कूल से चले जाने का आरोप भी ग्रामीणों ने लगाया है।
अस्पताल में बेड की कमी पर परिजनों का हंगामा
तबीयत बिगड़ने पर बच्चों को डेंटल कॉलेज, नूरसराय अस्पताल और सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। सदर अस्पताल में एक ही बेड पर दो से तीन बच्चों का इलाज होता देख परिजन भड़क गए और परिसर में हंगामा किया। सिविल सर्जन ने परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया और सभी बच्चों के उचित इलाज का आश्वासन दिया।
मंत्री ने दिए जांच और कार्रवाई के निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और बीमार बच्चों का हाल जाना। उन्होंने पूरे मामले की प्रशासनिक जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। देर शाम तक डॉक्टरों की देखरेख के बाद सभी बच्चों की हालत में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया।
।..........................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822