नेपाल में जल प्रलय से बिहार के 8 जिलों में बाढ़ का हाई अलर्ट जारी। गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से 5000 लोग सुरक्षित निकाले गए। सीएम सम्राट चौधरी ने ली समीक्षा बैठक।
- मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की समीक्षा बैठक; तटबंधों पर नाइट पेट्रोलिंग के निर्देश
- NDRF-SDRF और सेना को किया गया अलर्ट
कंचन क्रांति ब्यूरो, पटना/बेतिया
नेपाल में भीषण बारिश और जल प्रलय के बाद बिहार में बाढ़ की गंभीर आशंका बन गई है। गंडक नदी में अचानक जलप्रवाह तेजी से बढ़ने के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने गंडक कछार से सटे आठ जिलों—पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी और शिवहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। गंडक के अलावा कोसी, बागमती और गंगा नदी के जलस्तर में भी तेजी से बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है।
निचले इलाकों से निकाले गए 5 हजार लोग
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित जिलों के निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में शिफ्ट किया जा रहा है। शाम छह बजे तक अकेले पश्चिम चंपारण से 5,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन विभाग ने वायु सेना और थल सेना से संपर्क साधा है।
मुख्यमंत्री ने ली समीक्षा बैठक, नाइट पेट्रोलिंग के निर्देश
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संभावित बाढ़ से निपटने की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी तटबंधों और बांधों की 24 घंटे कड़ी निगरानी की जाए और रात में विशेष 'नाइट पेट्रोलिंग' सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील इलाकों में लाउडस्पीकर के माध्यम से ग्रामीणों को सचेत करने और समय रहते उन्हें सुरक्षित स्थलों पर भेजने का आदेश दिया गया है।
NDRF और SDRF की टीमें मुस्तैद
इधर, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक की। स्थिति पर नियंत्रण के लिए गोपालगंज और बेतिया में NDRF की टीमें रवाना कर दी गई हैं, जबकि मुजफ्फरपुर में एक टीम को स्टैंडबाय रखा गया है। बेतिया में पहले से मौजूद SDRF की दो टीमों के साथ सशस्त्र सीमा बल (SSB) की बटालियन को भी राहत व बचाव कार्य के लिए तैनात किया गया है।
...........................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822