मधुपुर के सिटी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान महिला की मौत पर परिजनों ने किया हंगामा। अस्पताल प्रबंधन और अनुमंडल अस्पताल प्रभारी पर लगे लापरवाही के गंभीर आरोप।
चंदन कुमार ठाकुर, मधुपुर (देवघर)।
देवघर जिले के मधुपुर शहर में स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलती एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शहर के समर चित्र मंदिर के ठीक बगल में स्थित सिटी हॉस्पिटल में भर्ती लखन मोहल्ला निवासी साजदा खातून की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और प्रबंधन पर इलाज में घोर लापरवाही बरतने व मनमाने तरीके से पैसे वसूलने का गंभीर आरोप लगाया है।
परिजनों का छलका दर्द
मृतका के परिजनों का आरोप है कि साजदा खातून को तेज दर्द की शिकायत के बाद आनन-फानन में सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि अस्पताल प्रशासन का पूरा फोकस मरीजों के इलाज से ज्यादा केवल मोटी रकम ऐंठने पर रहता है। मरीज की हालत लगातार बिगड़ने के बावजूद न तो समय पर उचित चिकित्सा दी गई और न ही डॉक्टरों ने संवेदनशीलता दिखाई। परिजनों का साफ तौर पर कहना है कि यह महज मौत नहीं, बल्कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही का सीधा नतीजा है।
अनुमंडल अस्पताल प्रभारी की कार्यशैली भी घेरे में
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि परिजनों के गुस्से और आरोपों की गाज केवल निजी अस्पताल पर ही नहीं गिरी, बल्कि मधुपुर अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी डॉ. शाहिद की कार्यशैली और भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है। स्थानीय लोगों और परिजनों का आरोप है कि इस तरह के निजी क्लीनिकों और हॉस्पिटलों में मनमाने ढंग से चल रहे खेल में कई बार सरकारी डॉक्टरों और जिम्मेदार स्वास्थ्य अधिकारियों की मौन सहमति या सांठगांठ होती है, जिससे आम जनता की जिंदगी के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
उच्चस्तरीय जांच और इंसाफ की मांग
घटना के बाद लखन मोहल्ला के आक्रोशित परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि जब तक दोषी डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं होती, वे चुप नहीं बैठेंगे।
इस संबंध में जब पुलिस पक्ष की बात सामने आई, तो मधुपुर थाना में तैनात पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि अभी तक इस मामले में परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है, आवेदन मिलते ही आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
.................................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822