युवकों की मौत पर बिलखते परिजन
महात्मा गांधी सेतु पर पाया नंबर 26 के पास ट्रक की टक्कर से दो बाइक सवार युवकों की मौत। परिजनों के हंगामे से हाजीपुर तक लगा भीषण जाम। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
कंचन क्रांति न्यूज, पटना।
राजधानी पटना और हाजीपुर को जोड़ने वाले लाइफलाइन महात्मा गांधी सेतु पर शनिवार की रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। महात्मा गांधी सेतु के पूर्वी लेन पर पाया नंबर 26 के पास शनिवार रात करीब 10:00 बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बाइक पर सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे ट्रक और उसके चालक को मौके पर मौजूद साहसी राहगीरों ने खदेड़ कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
परिजनों का हंगामा, हाजीपुर के रामाशीष चौक तक लगा भारी जाम
घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों ने तुरंत डायल 112 की पुलिस और गंगा ब्रिज थाना पुलिस को मौके पर बुलाया। पुलिस के पहुंचने के बाद भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग महात्मा गांधी सेतु पर ही शव को रखकर प्रदर्शन कर रहे हैं और मुआवजे व सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।
परिजनों के हंगामे और सड़क जाम के कारण महात्मा गांधी सेतु से लेकर हाजीपुर के रामाशीष चौक तक वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। हजारों वाहन फंसे होने के कारण यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस प्रशासन कर रहा समझाने का प्रयास
गंगा ब्रिज थाना की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है और आक्रोशित परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक और ट्रक को हिरासत में ले लिया गया है तथा कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि वे जाम हटाकर यातायात सुचारू करने में सहयोग करें, ताकि फंसे हुए मरीजों और आम लोगों को राहत मिल सके।
.................................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822