पटना की प्रेमचंद रंगशाला में 'ऑपरेशन सिंदूर – द राइटियस स्ट्रैटेजी' नाटक का सफल मंचन हुआ। भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य और समर्पण को समर्पित इस प्रस्तुति में कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

 

पटना। राजधानी पटना स्थित प्रेमचंद रंगशाला में शनिवार को ‘गुलमोहर मैत्री’ द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रभक्ति पर आधारित नाट्य प्रस्तुति ऑपरेशन सिंदूर – द राइटियस स्ट्रैटेजी’ (Operation Sindoor – The Righteous Strategy) का सफल मंचन किया गया। भारतीय सशस्त्र बलों के अदम्य साहस, शौर्य, बलिदान और राष्ट्र सुरक्षा के प्रति उनके समर्पण को समर्पित इस प्रस्तुति ने दर्शकों में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना का संचार किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, पर्यटन मंत्री श्री केदार प्रसाद गुप्ता, पटना नगर निगम की महापौर श्रीमती सीता साहू, श्रीमती मंजू सिन्हा, श्री सहजानंद सिंह, श्री विमल कुमार जैन, श्री सत्यजीत कुमार सिंह तथा रियर एडमिरल (सेवानिवृत्त) श्री सतीश शेनॉय उपस्थित रहे।

नाट्य प्रस्तुति ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से भारत की सामरिक क्षमता, अदम्य संकल्प और राष्ट्रीय चेतना को मंच पर जीवंत रूप से उकेरा गया। इसमें सेना के शौर्य के साथ-साथ सैनिकों एवं उनके परिवारों के त्याग और भावनात्मक पक्ष को भी प्रमुखता से उभारा गया। नाटक में तीनों सेनाओं (थल, नभ और जल) की संयुक्त रणनीतिक क्षमता, बलिदान और सैन्य सम्मान का प्रभावशाली चित्रण देखने को मिला।

लगभग 70 मिनट की इस बहुआयामी रंगमंचीय प्रस्तुति में अभिनय, नृत्य-रचना, संगीत, मल्टीमीडिया और आधुनिक मंचीय तकनीकों का शानदार समन्वय था, जिसने दर्शकों को एक प्रेरणादायी एवं भावुक अनुभव दिया।

कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और बड़ी संख्या में उपस्थित दर्शकों ने कलाकारों के प्रयासों की जमकर सराहना की। यह आयोजन रंगमंच के माध्यम से देश के वीर जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करने और राष्ट्रीय एकता का सशक्त संदेश देने में पूरी तरह सफल रहा।

……………………………………………………………………..

ऑपरेशन सिंदूर, Operation Sindoor Play, प्रेमचंद रंगशाला पटना, Premchand Rangshala Patna, गुलमोहर मैत्री, डॉ प्रमोद कुमार, केदार प्रसाद गुप्ता, Patna Drama Staging, Patna News, भारतीय सेना नाट्य मंचन