झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर हुए भीषण सड़क हादसे में निधन हो गया है।इस दर्दनाक हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हुई है।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और मंत्रियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
जमशेदपुर। झारखंड से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का जमशेदपुर में हुए एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई है। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार चार लोगों की जान चली गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा जमशेदपुर के मरीन ड्राइव (एनएच हाईवे) पर गुरुवार तड़के हुआ। मृतका तृषा सिंह जमशेदपुर के प्रतिष्ठित संस्थान XLRI की छात्रा थीं। वे अपनी कार से अन्य साथियों के साथ जा रही थीं, तभी उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक भारी-भरकम ट्रक से जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कार में सवार चारों युवाओं को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में मंत्री की बेटी के अलावा दो लड़के और एक अन्य लड़की की भी मौत हुई है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद झारखंड के राजनीतिक गलियारों और प्रशासनिक खेमे में शोक की लहर दौड़ गई है।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुख जताते हुए कहा कि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी एवं अन्य लोगों के निधन की खबर से मन अत्यंत व्यथित है। उन्होंने सोशल मीडिया पर संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा कि अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। ईश्वर से शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर घटना की जानकारी साझा की और दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि इस असहनीय दुःख की घड़ी में मैं दीपिका जी और पूरे परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। एक मां के लिए संतान को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822