पटना में चतुर्थ राष्ट्रीय अंगदान दिवस पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया समारोह का उद्घाटन। अस्पतालों में दधीचि देहदान समिति के सहयोग से चलेगा जनजागरण अभियान।
कंचन क्रांति ब्यूरो, पटना:
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि अंगदान मानवता और करुणा का प्रतीक है। राज्य में अंगदान के प्रति लोगों को प्रेरित करने के लिए व्यापक स्तर पर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
चतुर्थ राष्ट्रीय अंगदान दिवस एवं द्वादश अंतर्राष्ट्रीय अंगदान दिवस के अवसर पर दधीचि देहदान समिति, बिहार द्वारा बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स परिसर में आयोजित 'सम्मान, संकल्प एवं सप्तम् राज्यस्तरीय समारोह' का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने यह बातें कहीं।
स्वास्थ्य व्यवस्था में दधीचि समिति बनेगी सहयोगी:
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की स्वास्थ्य प्रणाली में दधीचि देहदान समिति को सहयोगी के रूप में जोड़ा जाएगा। जिला अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल और मेडिकल कॉलेजों में समिति के सदस्यों के माध्यम से जागरूकता फैलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि अंगदान से जुड़े नियमों या कानूनों में किसी बदलाव की जरूरत होगी, तो सरकार इस दिशा में भी पहल करेगी। साथ ही निजी अस्पतालों में भी जागरूकता अभियान चलाने की संभावनाएं तलाश की जाएंगी।
विभूतियों का स्मरण और सम्मान:
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने अंगदान के क्षेत्र में पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय सुशील कुमार मोदी के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महाधिवक्ता एस.डी. संजय, विधायक संजीव चौरसिया, महापौर सीता साहू और आईजीआईएमएस (IGIMS) के उपनिदेशक डॉ. विभूति प्रसन्न सिन्हा सहित अन्य प्रमुख लोगों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। साथ ही अंगदान पर आधारित पत्रिका 'दधीचि दर्पण' का लोकार्पण भी किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल सह दधीचि देहदान समिति के अध्यक्ष गंगा प्रसाद, विधायक श्याम रजक, संजय गुप्ता, चिकित्सकों सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
................................................................................................................
Organ Donation Campaign Bihar, Samrat Choudhary CM Bihar, Dadhichi Dehdan Samiti Patna, Organ Donation Awareness Bihar, Patna News, Bihar Health News
