बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर ने पटना एसएसपी पर भाजपा के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। पीके का दावा- पुलिस ने स्थानीय कार्यकर्ताओं को घरों से अवैध रूप से उठाया।
कंचन क्रांति ब्यूरो, पटना।
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने रविवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने और चुनाव प्रभावित करने के लिए जन सुराज के स्थानीय कार्यकर्ताओं को गैर-कानूनी ढंग से हिरासत में लेने का आरोप लगाया। प्रशांत किशोर ने प्रेस वार्ता में पीड़ित स्थानीय निवासियों को मीडिया के सामने प्रस्तुत करते हुए कई साक्ष्य भी सार्वजनिक किए।
'बाहरी बताकर स्थानीय लोगों को घरों से उठाया गया'
प्रशांत किशोर ने कहा कि एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी बयान में दावा किया गया था कि शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए केवल बाहरी तत्वों को हिरासत में लिया गया। लेकिन सच्चाई यह है कि पुलिस ने रात में घरों में सो रहे स्थानीय निवासियों को अवैध रूप से हिरासत में लिया। उन्होंने सवाल किया कि घर में सो रहा व्यक्ति धारा 144 का उल्लंघन कैसे कर सकता है? पीके ने आरोप लगाया कि जन सुराज के कुल 54 कार्यकर्ताओं व समर्थकों को पकड़ा गया, जबकि भाजपा के एक भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ितों ने सुनाई पुलिसिया कार्रवाई की आपबीती
नवल किशोर गुप्ता (मंदिरी, वार्ड 26): देर रात पुलिस ने दरवाजा पिटवाकर मुझे घर से उठाया और गाड़ी में बैठाकर राजीव नगर थाने ले गई। दिनभर घुमाने के बाद शाम 5 बजे वोट दिलवाकर छोड़ा गया।
निभा भूषण (वार्ड 22): बुजुर्गों व परिजनों को मतदान कराने में मदद करने के बाद जब मैं घर लौटी तो भाजपा के कार्यकर्ता वहां मौजूद थे। पुलिस ने उल्टा हमारे घर में घुसकर पूछताछ की, जो सीधे तौर पर उत्पीड़न है।
सुनील चंद्रवंशी (वार्ड 38): पुलिस तीन बार मुझे पकड़ने आई और दो-दो घंटे तक गाड़ियों व थानों में बिना वजह बैठाकर रखा गया। बाद में सिटी एसपी ने घर का घेराव भी किया।
20 वर्षों में प्रशासन का ऐसा दुरुपयोग नहीं देखा: प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 20 वर्षों के शासन में चुनाव जीतने के लिए पुलिस प्रशासन का ऐसा नग्न दुरुपयोग कभी देखने को नहीं मिला। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को सभी साक्ष्य सौंप दिए गए हैं और आयोग ने मतगणना के दौरान संबंधित अधिकारियों की भूमिका को लेकर आश्वस्त किया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रशांत किशोर ने पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए 18 स्थानीय निवासियों की सूची भी जारी की। मौके पर विधानसभा प्रभारी रामबली चंद्रवंशी, ललन यादव, कुमार सौरव, रवि नारायण और खुशबू पाठक सहित कई अन्य नेता मौजूद थे।
......................................................................
किशोर, जन सुराज, बांकीपुर उपचुनाव, पटना एसएसपी, बांकीपुर विधानसभा चुनाव, पटना न्यूज, Prashant Kishor Jan Suraaj, Bankipur By Election Deoghar/Patna News
