पटना मेट्रो का मलाही पकड़ी तक हुआ विस्तार! सीएम सम्राट चौधरी ने किया उद्घाटन और लॉन्च किया प्री-पेड स्मार्ट कार्ड। जानें नया टाइम टेबल, रूट और स्टेशनों की पूरी डिटेल कंचनक्रांति पर।


कंचनक्रांति ब्यूरो, पटना।

बिहार की राजधानी पटना के निवासियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को मलाही पकड़ी तक मेट्रो रेल सेवा के विस्तार का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का अनावरण भी किया। इसके साथ ही, यात्रियों के सफर को बेहद सुगम और कैशलेस बनाने के लिए 'पटना मेट्रो प्री-पेड स्मार्ट कार्ड' की भी शुरुआत की गई है। इस कार्ड की मदद से अब लोगों को बार-बार टिकट खरीदने के लिए लंबी कतारों में नहीं लगना पड़ेगा।

अब तक पटना मेट्रो की सेवा आईएसबीटी (ISBT) से भूतनाथ स्टेशन तक ही चल रही थी, जिसे अब बढ़ाकर मलाही पकड़ी तक कर दिया गया है। उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि तय समय-सीमा के भीतर पटना मेट्रो परियोजना के बाकी काम को भी तेज गति से पूरा करें।


खुद स्मार्ट कार्ड लेकर मुख्यमंत्री ने किया सफर

उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने खुद 'पटना मेट्रो प्री-पेड स्मार्ट कार्ड' का इस्तेमाल कर मलाही पकड़ी स्टेशन से भूतनाथ मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो रेल में सफर भी किया। मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के शहरी परिवहन क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और कहा कि आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था देना बिहार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


लाखों लोगों को मिलेगा सीधा फायदा, कम होगा जाम का झंझट

मलाही पकड़ी स्टेशन के चालू हो जाने से पूर्वी पटना के लाखों नागरिकों को तेज, सुगम और सुविधाजनक आवागमन का सीधा लाभ मिलेगा। इससे न केवल सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, बल्कि लोगों के यात्रा समय में भी भारी बचत होगी। साथ ही, प्रदूषण नियंत्रण में भी यह कदम बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।


फिलहाल केवल चार स्टेशनों पर ही मिलेगी सुविधा

यात्रियों की जानकारी के लिए बता दें कि इस रूट पर अभी केवल चार स्टेशनों पर ही ट्रेनों के ठहराव और चढ़ने-उतरने की सुविधा मिलेगी। ये स्टेशन हैं: मलाही पकड़ी, भूतनाथ, जीरो माइल, आईएसबीटी (ISBT)। चूंकि खेमनीचक स्टेशन पर अभी निर्माण कार्य अधूरा है, इसलिए वहां मेट्रो का स्टॉपेज नहीं रखा गया है।


नोट कर लें मेट्रो का टाइम टेबल (Time Table)

·      पहली मेट्रो: मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन से आईएसबीटी के लिए सुबह ठीक 8:00 बजे पहली मेट्रो रवाना होगी।

·      फ्रीक्वेंसी: इसके बाद दोनों छोर (मलाही पकड़ी और आईएसबीटी) से हर 35 मिनट के अंतराल पर मेट्रो सेवा उपलब्ध रहेगी।

·      आखिरी मेट्रो: रात को 8:00 बजे आईएसबीटी से मलाही पकड़ी के लिए अंतिम मेट्रो ट्रेन चलेगी।

........................................................................................................................................

Keywords - पटना मेट्रो समाचार, मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन, सम्राट चौधरी पटना मेट्रो, पटना मेट्रो स्मार्ट कार्ड, पटना मेट्रो टाइम टेबल, बिहार ट्रांसपोर्ट न्यूज़, कंचनक्रांति पटना, Patna Metro Route, Malahi Pakri Metro Station, Patna Metro Smart Card Price, Bihar News In Hind