पटना में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजद का राजभवन मार्च। पुलिस ने चलाई पानी की बौछारें। युवाओं की रोजगार व भर्ती संबंधी 6 मांगों को लेकर राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन।

 

अवध कुमार, पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के आह्वान पर बुधवार को पटना में आयोजित 'राजभवन मार्च' के दौरान राज्य सरकार और विपक्ष के बीच तीखी राजनीतिक भिड़ंत देखने को मिली। राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के नेतृत्व में डाकबंगला और इनकम टैक्स चौराहे की ओर बढ़े हजारों छात्रों, युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के हुजूम को रोकने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग की और वाटर कैनन (पानी की बौछारों) का प्रयोग किया।

 

राजद नेताओं का कहना है कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण था, जिसे दबाने के लिए पुलिसिया बल का इस्तेमाल किया गया। वहीं, गर्दनीबाग में प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों से तेजस्वी यादव की मुलाकात के बाद सरकार द्वारा TRE-4 बहाली की घोषणा को राजद ने अपनी पहली बड़ी सफलता बताया है। हालांकि, पार्टी ने स्पष्ट किया कि जब तक पारदर्शिता के साथ सभी रिक्त पदों पर भर्तियां नहीं होतीं, संघर्ष जारी रहेगा।

 

राज्यपाल को सौंपा 6 सूत्री ज्ञापन

मार्च के बाद राजद के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल से मुलाकात कर राज्य में लगातार हो रहे पेपर लीक, बेरोजगारी और हाल ही में सीवान में छात्रों पर हुई कार्रवाई के विरोध में 6 सूत्री ज्ञापन सौंपा।

 

राजद की 6 प्रमुख मांगें

सीवान घटना की जांच: सीवान में प्रदर्शनकारी छात्रों पर कठोर बल प्रयोग का आदेश देने वाले अधिकारियों पर निष्पक्ष जांच बिठाकर निलंबन की कार्रवाई की जाए।

संवाद स्थापित हो: गर्दनीबाग में आंदोलनरत अभ्यर्थियों की मांगों पर सरकार वार्ता कर त्वरित समाधान निकाले।

शिकायत निवारण तंत्र: भर्ती परीक्षाओं में विसंगतियों और धांधली के निपटारे के लिए स्वतंत्र पारदर्शी शिकायत निवारण व्यवस्था बने।

भर्ती कैलेंडर: सभी विभागों में रिक्त पदों का ब्योरा सार्वजनिक कर स्पष्ट भर्ती कैलेंडर जारी किया जाए और 6 माह में प्रक्रिया पूरी हो।

विश्वविद्यालयों में सुधार: उच्च शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों-कर्मियों की कमी दूर कर सख्त वार्षिक अकादमिक कैलेंडर लागू किया जाए।

स्कूली बुनियादी ढांचा: प्राथमिक से उच्च विद्यालयों तक विषयवार शिक्षकों की नियुक्ति और बुनियादी सुविधाओं का युद्धस्तर पर विस्तार हो।

 

मार्च के दौरान हिरासत में लिए जाने पर तेजस्वी यादव ने कहा कि प्रदेश की सरकार युवाओं को रोजगार देने के बजाय दमनकारी नीतियां अपना रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं का यह आंदोलन अब सड़क से सदन तक जारी रहेगा।

 ...................................................................................................

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822