पटना विश्वविद्यालय में LLB प्रवेश परीक्षा पेपर लीक, PG फीस वृद्धि और मगध महिला कॉलेज की छात्रा के लापता होने पर AISF ने कड़ा विरोध जताया है। पढ़ें पूरी खबर।
विशेष संवाददाता, पटना:
पटना विश्वविद्यालय में एलएलबी (LLB) प्रवेश परीक्षा में कथित पेपर लीक, स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों में दोगुनी फीस वृद्धि और मगध महिला कॉलेज की एक छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और छात्र हितों की रक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है।
परीक्षा व्यवस्था की साख पर उठे सवाल
मामले पर विरोध जताते हुए एआईएसएफ (AISF) के पटना विश्वविद्यालय छात्र नेता बिट्टू भारद्वाज ने कहा कि पटना विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में प्रवेश परीक्षा का पेपर लीक होना बेहद चिंताजनक है। इससे हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों को चिह्नित करने और प्रभावित छात्रों के हित में पारदर्शी कदम उठाने की मांग की।
फीस वृद्धि और सुरक्षा पर घेरा
संगठन के पटना जिला सचिव मीर सैफ अली ने कहा कि एक तरफ विश्वविद्यालय प्रशासन पीजी की फीस में बेतहाशा बढ़ोतरी कर छात्रों पर आर्थिक बोझ डाल रहा है, वहीं दूसरी ओर परीक्षा प्रणाली में लगातार अनियमितताएँ सामने आ रही हैं। उन्होंने मगध महिला कॉलेज की लापता छात्रा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रशासन को संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए छात्रा की सुरक्षित बरामदगी जल्द से जल्द सुनिश्चित करनी चाहिए।
AISF की प्रमुख माँगें
LLB पेपर लीक की उच्चस्तरीय जांच: निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर पारदर्शी तरीके से दोबारा परीक्षा आयोजित हो।
फीस वृद्धि की वापसी: स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों में बढ़ाई गई फीस को तुरंत वापस लिया जाए।
लापता छात्रा की बरामदगी: मगध महिला कॉलेज की लापता छात्रा की सुरक्षा के लिए प्रशासन युद्धस्तर पर कार्रवाई करे।
संगठन ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन माँगों पर जल्द सकारात्मक रुख नहीं अपनाया, तो एआईएसएफ पूरे राज्य स्तर पर उग्र छात्र आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
...........................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822