पूर्णिया के बैसा प्रखंड में मरिया धार पर पुल न होने से 62 वर्षीय महिला के शव को नाव के सहारे नदी पार कराकर कब्रिस्तान ले जाया गया। वीडियो वायरल होने के बाद व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

कंचन क्रांति न्यूज, पूर्णिया।

आजादी के दशकों बीत जाने के बाद भी बुनियादी सुविधाओं का न होना ग्रामीणों के लिए जिंदगी ही नहीं, मौत के बाद भी त्रासदी बना हुआ है। मामला पूर्णिया जिले के अमौर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बैसा प्रखंड का है, जहां नंदनिया कब्रिस्तान घाट पर पुल न होने का दंश ग्रामीणों को झेलना पड़ रहा है। हाल ही में मरिया धार पर पुल नहीं होने के कारण एक मृत महिला के शव को परिजनों ने निजी नाव के सहारे नदी पार कराकर खास टोला स्थित कब्रिस्तान पहुंचाया, जहां उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

 शव को नाव से नदी पार कराने का यह दर्दनाक दृश्य अब सोशल मीडिया पर वीडियो के रूप में वायरल हो रहा है, जिसने प्रशासनिक दावों और स्थानीय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

पति गए हैं हज, बीमारी के बाद महिला का हुआ निधन

यह विचलित करने वाली तस्वीर शीशाबाड़ी पंचायत के वार्ड संख्या 14 निवासी मोहम्मद सोयेब की पत्नी गुलसरी बेगम (62 वर्ष) के निधन के बाद सामने आई। बताया जाता है कि गुलसरी बेगम पिछले कई दिनों से बीमार चल रही थीं। दो दिन पूर्व उनका निधन हो गया। उनके पति मोहम्मद सोयेब करीब 20 दिन पहले ही हज यात्रा के लिए मक्का गए हुए हैं।

 

बारी-बारी से पार हुए लोग

मृतका का पुश्तैनी कब्रिस्तान 'खास टोला' में मरिया धार के दूसरी ओर स्थित है। ऐसे में अंतिम संस्कार के लिए शव को नदी पार कराना मजबूरी थी। नाव की क्षमता कम होने के कारण पहले शव के साथ दो-तीन परिजन नाव पर सवार होकर नदी के पार गए। इसके बाद जनाजे में शामिल अन्य लोग भी बारी-बारी से नाव के सहारे नदी पार कर कब्रिस्तान पहुंचे। इस दृश्य ने वहां मौजूद हर शख्स को झकझोर कर रख दिया।

हर साल चचरी का सहारा

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, कनकई नदी से निकली मरिया धार पर पुल निर्माण की मांग वर्षों से की जा रही है। पुल न होने के कारण आधा दर्जन से अधिक पंचायतों की करीब 30 हजार से अधिक आबादी को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी विकराल हो जाती है, जब लोगों को जान जोखिम में डालकर नाव या बांस की चचरी के सहारे नदी पार करनी पड़ती है।

 ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द नंदनिया कब्रिस्तान घाट पर पुल निर्माण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी को अपनों के अंतिम सफर में इस तरह की नारकीय स्थिति का सामना न करना पड़े।

 

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822