रायबरेली के जिगना गांव में बहन के फोन पर अश्लील मैसेज भेजने का विरोध करने पर युवक पर कुल्हाड़ी से हमला। पुलिस ने आरोपी कार्तिक, उसके पिता और मां के खिलाफ दर्ज की एफआईआर।

कंचन क्रांति न्यूज़, रायबरेली।

जगतपुर थाना क्षेत्र के जिगना गांव में बहन के मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजने और नंबर दूसरों में बांटने का विरोध करने पर एक युवक को लहूलुहान कर दिया गया। आरोपी और उसके माता-पिता ने मिलकर युवक पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला बोल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव का रहने वाला कार्तिक सिंह लगातार उसके मोबाइल पर अभद्र मैसेज भेजता था और उसका नंबर अन्य लोगों को भी बांटता था। जब उसके भाई आयुष ने इस हरकत पर ऐतराज जताया और आरोपी से वजह पूछी, तो बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते कार्तिक, उसके पिता अशोक और मां पुष्पा ने मिलकर आयुष के साथ मारपीट की और उस पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। हमले में आयुष के दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।

तीन के खिलाफ मामला दर्ज घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। डलमऊ सीओ गिरिजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि थाना प्रभारी वागीश मिश्रा से घटना की जानकारी ली गई है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी कार्तिक, उसके पिता अशोक और मां पुष्पा के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट रवि शंकर सिंह