रायबरेली के डलमऊ में उपेक्षा से नाराज पोते ने 90 वर्षीय बाबा पर फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पोते को गिरफ्तार कर लिया है।

कंचन क्रांति न्यूज, रायबरेली।

जिले के डलमऊ थाना क्षेत्र के पूरे भवानीपुर मजरे रामपुर गहिरखेत गांव में पारिवारिक कलह का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां उपेक्षा से नाराज एक पोते ने सोते समय अपने 90 वर्षीय बाबा पर फावड़े से ताबड़ोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने इलाज के दौरान एम्स में दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी पोते को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा बरामद कर लिया है।

 पुलिस के मुताबिक, मृतक परमेश्वर यादव (90) के बेटे रामशंकर की वर्ष 2016 में मौत हो चुकी है, जबकि उनके तीन अन्य बेटे बाहर रहते हैं। आरोपी पोता सरवन यादव (27) अपनी मां सीता के साथ अलग घर में रहता था। शुक्रवार रात करीब 11 बजे परमेश्वर यादव घर के बाहर तख्त पर सो रहे थे। इसी दौरान वहां पहुंचे सरवन ने उन पर फावड़े से सिर पर दो गंभीर वार कर दिए।

बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर दौड़े, जिसे देख आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। परिजनों ने लहूलुहान हालत में परमेश्वर को एम्स में भर्ती कराया, जहां शनिवार दोपहर करीब तीन बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डलमऊ कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी सरवन को गांव के पास से ही दबोच लिया।

सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की बहू सुमन की तहरीर पर आरोपी सरवन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या (व अन्य सुसंगत धाराओं) की प्राथमिकी दर्ज की गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर में परमेश्वर यादव की बात का काफी मान-सम्मान था और उन्हीं की चलती थी। आरोपी सरवन को लगता था कि पिता की मौत के बाद बाबा उसकी उपेक्षा करते हैं और किसी भी काम के लिए उससे बातचीत नहीं करते हैं। इसी बात की रंजिश के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

रिपोर्ट रविशंकर सिंह

.....



........................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822