रायबरेली के हरचंदपुर में घर के बाहर खेल रहे 3 साल के मासूम का बाइक सवार ने किया अपहरण। हरकत में आई पुलिस ने स्टेशन रोड से बच्चे को सकुशल बरामद कर मां को सौंपा।

रविशंकर सिंह, रायबरेली।

हरचंदपुर थाना क्षेत्र के गडरिया खेड़ा (मजरे बाला) से तीन वर्षीय मासूम के गायब होने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दोपहर करीब 12 बजे जब पीड़िता गायत्री सिंह बैंक से काम निपटाकर अपने घर लौटीं, तो उनका तीन साल का बेटा वीर प्रताप सिंह गायब था।

स्थानीय लोगों ने महिला को बताया कि घर के बाहर खेल रहे बच्चे को एक अज्ञात बाइक सवार अपने साथ ले गया है। यह सुनते ही बदहवास मां तुरंत हरचंदपुर थाने पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। मामला मासूम के अपहरण से जुड़ा होने के कारण पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और इलाके में नाकेबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह के निर्देशन में पुलिस टीमों ने जगह-जगह छानबीन शुरू की। त्वरित कार्रवाई का नतीजा यह रहा कि महिला आरक्षी नीतू सिंह और प्रिया गौड़ को स्टेशन रोड पर मासूम वीर प्रताप सिंह पूरी तरह सुरक्षित मिल गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे को सकुशल उसकी मां की गोद में सौंप दिया। अपने लाल को वापस पाकर मां के आंसू छलक पड़े और उसने पुलिस का आभार व्यक्त किया। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि बच्चे को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।