रायबरेली में होमगार्ड भर्ती फिजिकल परीक्षा के दौरान दौड़ते समय 20 महिला अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी। जिला अस्पताल में कराया गया इलाज। पढ़ें पूरी खबर।

रविशंकर सिंह, रायबरेली।

 25वीं वाहिनी पीएसी के मैदान में सोमवार को चल रही होमगार्ड भर्ती की फिजिकल परीक्षा के दौरान एक सनसनीखेज स्थिति देखने को मिली। दौड़ लगाते समय अचानक 20 महिला अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई और वे एक-एक कर बेहोश होकर जमीन पर गिरने लगीं। आनन-फानन में एम्बुलेंस की मदद से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 10 अभ्यर्थियों को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर ग्लूकोज की ड्रिप लगाई गई, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

 होमगार्ड भर्ती की इस फिजिकल परीक्षा में प्रतापगढ़ और कानपुर से बड़ी संख्या में महिला अभ्यर्थी शामिल होने पहुंची थीं। सुबह निर्धारित समय पर अभ्यर्थियों को मैदान में प्रवेश दिया गया और इसके बाद महिलाओं की दौड़ शुरू कराई गई। दौड़ के दौरान ही करीब 20 महिला अभ्यर्थियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

जिला अस्पताल में भर्ती की गईं कानपुर की सरिता देवी (22), अर्चना (30), अर्पिता (22), दिव्या (22), ज्योति (33), सपना देवी (30), जन्नई (24) और प्रतापगढ़ की कविता (25), कीर्ति (25), निर्मला (25) समेत अन्य महिलाओं ने बताया कि दौड़ लगाने के दौरान चक्कर आने और घबराहट की वजह से उनकी हालत बिगड़ी थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल लाया गया।

जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने जानकारी दी है कि अस्पताल लाई गईं सभी महिला अभ्यर्थी अब पूरी तरह स्वस्थ हैं।

वहीं, दूसरी ओर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने स्पष्ट किया है कि सुबह 8:00 बजे ही महिला अभ्यर्थियों की दौड़ पूरी करा ली गई थी। उनके अनुसार दौड़ के दौरान कोई बेहोश नहीं हुआ था, बल्कि दौड़ पूरी होने के बाद पैरों में खिंचाव और अत्यधिक दर्द की वजह से कुछ महिलाओं को परेशानी हुई थी, जिन्हें सावधानी के तौर पर इलाज के लिए तुरंत अस्पताल भेजा गया था।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822