रायबरेली के ऊंचाहार स्थित बीकरगढ़ में पुलिस प्रताड़ना व एनकाउंटर की धमकी से तंग आकर 28 वर्षीय राजू यादव ने आत्महत्या कर ली। 3 महीने पहले हुई थी शादी। कांग्रेस नेता अतुल सिंह ने दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और आर्थिक मदद की मांग की।


रविशंकर सिंह, रायबरेली ।

 जिले के ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बीकरगढ़ गांव में पुलिस प्रताड़ना से आहत एक 28 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राजू यादव (28) पुत्र माता बदल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और अपर पुलिस अधीक्षक सहित कई थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंच गई।


पंखे से लटका मिला शव, तीन माह पहले हुई थी शादी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह जब परिजनों ने राजू का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका होने पर जब परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, तो अंदर राजू यादव का शव छत के पंखे के हुक से साड़ी के फंदे से लटकता मिला। यह नजारा देख घर में चीख-पुकार मच गई।

मृतक राजू यादव की शादी महज तीन महीने पहले ही हुई थी। घटना के वक्त उसकी पत्नी अंजली अपने मायके में थी। सूचना मिलते ही वह रोती-बिलखती ससुराल पहुंची। वहीं, बेटे की मौत की खबर से मां विपाता देवी बेहोश हो गईं। परिजनों का आरोप है कि पुलिस बेकसूर राजू को लगातार परेशान कर रही थी, जिससे तंग आकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया। मृतक सात भाइयों और दो बहनों में शामिल था।

एक महीने पुराने मामले में एनकाउंटर की धमकी का आरोप

परिजनों का गंभीर आरोप है कि लगभग एक महीने पहले सड़क किनारे मृत मिले रामदीन नामक व्यक्ति की हत्या/मौत के मामले में पुलिस शक के आधार पर राजू यादव को आए दिन प्रताड़ित कर रही थी। परिजनों ने दावा किया कि पुलिस राजू को फर्जी एनकाउंटर करने की धमकियां दे रही थी, जिससे वह काफी मानसिक तनाव में था।

अपर पुलिस अधीक्षक पहुंचे मौके पर, जांच शुरू

ग्रामीणों की सूचना पर ऊंचाहार कोतवाली पुलिस के साथ अपर पुलिस अधीक्षक और आसपास के कई थानों की फोर्स बीकरगढ़ गांव पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

कांग्रेस सचिव अतुल सिंह ने जताई संवेदना, कार्रवाई व मुआवजे की मांग

घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस के प्रदेश सचिव अतुल सिंह पीड़ित परिवार से मिलने बीकरगढ़ गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।

अतुल सिंह ने प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवार को त्वरित आर्थिक सहायता दी जाए। मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी और ग्राम सभा में भूमि आवंटित की जाए। युवक को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

..........................................................................................

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822