रामगढ़ के बरकाकाना स्थित मां छिन्नमस्तिका इस्पात प्लांट में टरबाइन धमाके के बाद भीषण आग लगी। हादसे में 3 इंजीनियरों की मौत, 1 गंभीर रूप से घायल। पुलिस जांच में जुटी।

 

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, रामगढ़।

 

झारखंड के रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड अंतर्गत बरकाकाना ओपी क्षेत्र स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात (स्पंज आयरन) फैक्ट्री में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। रात करीब 11:45 बजे फैक्ट्री के पावर प्लांट में शॉर्ट सर्किट के कारण टरबाइन और कंट्रोल रूम में जोरदार धमाका हो गया। ब्लास्ट के बाद पूरे प्लांट में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर तीन इंजीनियरों की झुलसकर मौत हो गई, जबकि एक कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और नाइट शिफ्ट में काम कर रहे मजदूर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, अग्निशमन विभाग और फैक्ट्री प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। रामगढ़ से बुलाई गई दमकल की गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

मृतकों और घायलों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों में:


संजीव कुमार केसरी (50 वर्ष) - शिफ्ट इंचार्ज (निवासी: धनबाद / वर्तमान निवासी रांची)

अभिषेक पांडेय (24 वर्ष) - डीसीएम इंजीनियर (निवासी: नगर ऊंटारी, गढ़वा/पलामू

विनीत महतो (25 वर्ष) - डीसीएम इंजीनियर (निवासी: जागेश्वर बिहार, गोमिया, बोकारो)

 

घटना में गंभीर रूप से घायल कर्मी तरुण रजवार (रवानी) निवासी हजारीबाग को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रांची रेफर कर दिया गया है। फिलहाल उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।


लापरवाही और ओवरहीटिंग की आशंका, जांच शुरू

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय कर्मचारियों के अनुसार, अत्यधिक तापमान (ओवरहीटिंग) और सिस्टम पर लोड बढ़ने की वजह से सुरक्षा उपकरण फेल हो गए, जिससे टरबाइन ओवरस्पीड होकर तेज धमाके के साथ फट गई। घटना के बाद से मजदूरों और परिजनों में भारी आक्रोश है और उन्होंने प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है।

 

पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शॉर्ट सर्किट और ब्लास्ट के सटीक कारणों की फॉरेंसिक और तकनीकी जांच की जा रही है।


...........................................................................................

 

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822