रांची राजभवन के समक्ष दिव्यांगों का धरना 732वें दिन भी जारी रहा। राष्ट्रीय दिव्यांग स्वाभिमान एसोसिएशन ने पेंशन राशि बढ़ाने और बैकलाग भर्ती की मांग उठाई।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, रांची ।

 

झारखंड की राजधानी रांची स्थित राजभवन के समक्ष अपनी विभिन्न मांगों को लेकर दिव्यांगों का अनिश्चितकालीन धरना 732वें दिन भी जारी रहा। राष्ट्रीय दिव्यांग स्वाभिमान एसोसिएशन के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों ने राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।

 

एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश चौहान ने सरकार की पेंशन नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि 'मंईयां सम्मान योजना' के तहत प्रति माह 2,500 रुपये दिए जा रहे हैं, जबकि दिव्यांगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के रूप में महज 1,000 रुपये मिल रहे हैं। उन्होंने दिव्यांग पेंशन राशि को बढ़ाकर कम से कम 2,500 रुपये या उससे अधिक करने की मांग की।

 

प्रमुख मांगें:

विधानसभा में कानून: दिव्यांगों के विकास, शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा के लिए विधानसभा सत्र में विशेष कानून पारित किया जाए।

समान पेंशन: दिव्यांग पेंशन की राशि बढ़ाकर अन्य योजनाओं के समकक्ष की जाए।

बैकलॉग पदों पर बहाली: सरकारी नौकरियों में दिव्यांगों के लिए आरक्षित रिक्त (बैकलॉग) पदों पर पारदर्शी प्रक्रिया से तत्काल बहाली की जाए।

 

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों को कानूनी रूप नहीं दिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

- रिपोर्ट: चंदन ठाकुर

................................................................................

Ranchi Divyang Protest, Raj Bhavan Ranchi Dharna, Om Prakash Chauhan Divyang Association, Divyang Pension Jharkhand, Maiya Samman Yojana Pension Comparison, Jharkhand News