मुंबई। अभिनेता आमिर खान ने पहली बार शिक्षा सुधारक और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को लेकर लंबे समय से चली आ रही उस धारणा पर सफाई दी है, जिसमें कहा जाता रहा है कि फिल्म '3 इडियट्स' का लोकप्रिय किरदार रैंचो उन्हीं से प्रेरित था। आमिर ने इसे पूरी तरह गलतफहमी बताते हुए कहा कि फिल्म बनाते समय वह और इसकी पूरी रचनात्मक टीम सोनम वांगचुक के बारे में जानते ही नहीं थे।


आमिर खान ने कहा, "नहीं, यह सच नहीं है। यह एक गलतफहमी है। जब हम '3 इडियट्स' बना रहे थे, तब मैं श्री सोनम वांगचुक को जानता तक नहीं था। हाल ही में मैंने 'चतुर' का एक वीडियो देखा, जिसमें उन्होंने ऐसा कहा। लेकिन वह गलत हैं। हो सकता है कि चतुर की अपनी सोच रही हो, लेकिन मैं तथ्यात्मक रूप से स्पष्ट करना चाहता हूं कि न तो राजू (राजकुमार हिरानी) और न ही अभिजात जोशी, जो फिल्म के लेखक हैं, और न ही मैं, उस समय श्री सोनम वांगचुक को जानते थे।"


उन्होंने आगे कहा, "श्री सोनम वांगचुक जो काम कर रहे हैं, वह बेहद सराहनीय है। उनके काम का सम्मान करने के लिए यह जरूरी नहीं कि वे '3 इडियट्स' के किसी किरदार की प्रेरणा रहे हों। मैं सिर्फ तथ्य स्पष्ट करना चाहता था।"


गौरतलब है कि हाल के दिनों में सोनम वांगचुक के अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को लेकर देशभर में चर्चा हो रही है। इसी बीच आमिर खान का यह बयान सामने आया है, जिसने वर्षों से चली आ रही उस चर्चा पर विराम लगाने की कोशिश की है कि फिल्म '3 इडियट्स' का रैंचो किरदार सोनम वांगचुक के जीवन से प्रेरित था।