झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती प्रक्रिया को लेकर देवघर में छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो के नेतृत्व में 'भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा' निकाली गई। बारिश के बीच सैकड़ों अभ्यर्थियों ने टावर चौक से आंबेडकर पुस्तकालय तक पदयात्रा कर आवाज बुलंद की।
देवघर। झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता लाने और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए शुरू की गई "भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा" के तहत देवघर में युवाओं का भारी जनसैलाब देखने को मिला। छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो के नेतृत्व में सैकड़ों अभ्यर्थियों ने सड़कों पर उतरकर पदयात्रा निकाली और भर्ती प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग की।
सोमवार को तेज बारिश के बावजूद अभ्यर्थियों का जोश कम नहीं हुआ। छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो समर्थकों के कंधे पर सवार होकर एक हाथ में राष्ट्रध्वज तिरंगा और दूसरे हाथ में संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर लिए व्यवस्था परिवर्तन का संदेश देते नजर आए।
यह पदयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए टावर चौक पहुंची और वहां से आंबेडकर पुस्तकालय तक गई। मूसलाधार बारिश के बीच पूरा मार्ग "छात्र एकता जिंदाबाद" और "भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान" जैसे गगनभेदी नारों से गुंजायमान रहा।
पत्रकारों और अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन "24 जिला-24 संकल्प" मुहिम का हिस्सा है।
"इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य राज्य में JPSC और JSSC की परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता लाना तथा झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करना है। जब तक भर्ती प्रक्रियाओं से भ्रष्टाचार समाप्त नहीं होता और एक पारदर्शी नीति लागू नहीं की जाती, तब तक यह लोकतांत्रिक आंदोलन जारी रहेगा। सरकार को युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद कर तुरंत ठोस कदम उठाने चाहिए।"
— देवेंद्रनाथ महतो, छात्र नेता
पदयात्रा के दौरान देवेंद्रनाथ महतो ने केवल अभ्यर्थियों से ही नहीं, बल्कि स्थानीय पीड़ित परिवारों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनकर हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस यात्रा में देवघर और आसपास के क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थी, छात्र और स्थानीय युवा शामिल हुए। बारिश के बावजूद छात्रों की यह भारी उपस्थिति राज्य में परीक्षा प्रणाली को लेकर युवाओं के आक्रोश और बदलाव की चाह को साफ दर्शाती है।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822