राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह पर दलित बच्ची के हाथ से मिठाई न खाने का आरोप लगाते हुए भाजपा से माफी की मांग की है।


अवध कुमार, पटना।  

बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने दलित समाज और संवैधानिक व्यवस्था के अपमान का बड़ा आरोप लगाया है। राजद के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने बयान जारी कर कहा है कि एक कार्यक्रम के दौरान खेल मंत्री ने दलित समाज की बच्ची के हाथ से मिठाई खाने से इनकार कर दिया। राजद ने इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।


इवेंट के नाम पर राजनीति करने का आरोप

राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने आरोप लगाते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्रेयसी सिंह राजनीतिक लाभ के लिए स्वयं अपने हाथों से दलित समाज की बच्चियों को मिठाई खिला रही थीं। हालांकि, जब एक बच्ची ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए मंत्री को मिठाई खिलानी चाही, तो उन्होंने इनकार कर दिया। राजद प्रवक्ता ने कहा कि यह न केवल उस छोटी बच्ची की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है, बल्कि पूरे समाज का अपमान है।

 

'भाजपा का दलित प्रेम केवल दिखावा'

एजाज अहमद ने कहा कि यह घटना दर्शाती है कि भारतीय जनता पार्टी की दलित समाज के प्रति क्या सोच और भावना है। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान के तहत पद और गोपनीयता की शपथ लेने वाले जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह का आचरण संवैधानिक मर्यादाओं के प्रतिकूल है।

राजद ने मांग की है कि इस कृत्य के लिए भारतीय जनता पार्टी और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह तुरंत दलित समाज से माफी मांगें।

.................................................................................

श्रेयसी सिंह, राजद आरोप, एजाज अहमद, बिहार राजनीति, भाजपा माफी मांगें, पटना न्यूज, बिहार खेल मंत्री