बिहार के रोहतास जिले के बिक्रमगंज में तेंदूनी चौक स्थित 'हीरा आभूषण भंडार' में रविवार को अपराधियों ने हथियार के बल पर 35 लाख के गहने और नकदी लूट ली। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है।


कंचन क्रांति ब्यूरो, पटना।

बिहार के रोहतास जिले स्थित बिक्रमगंज शहर में रविवार को बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शहर के व्यस्ततम तेंदूनी चौक के पास स्थित 'हीरा आभूषण भंडार' में हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर करीब 35 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली। महज चार मिनट के भीतर हुई इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।


ग्राहक बनकर घुसा पहला बदमाश, फिर पिस्टल के बल पर बनाया बंधक

पीड़ित स्वर्ण व्यवसायी प्रमित कुमार (उर्फ गुड्डू) ने बताया कि दोपहर के वक्त सबसे पहले एक युवक सामान्य ग्राहक बनकर दुकान के अंदर आया। इसके कुछ ही देर बाद हेलमेट पहने और गमछे से चेहरा ढंके पांच अन्य हथियारबंद बदमाश हाथों में पिस्टल लहराते हुए दुकान में दाखिल हो गए।

बदमाशों ने आते ही दुकान के कर्मचारियों को पिस्टल की नोक पर अपने कब्जे में ले लिया और शोकेस में रखे सोने-चांदी के महंगे आभूषण तथा गल्ले में रखी नकदी समेटनी शुरू कर दी। महज चार मिनट के भीतर पूरी लूटपाट को अंजाम देकर सभी अपराधी आसानी से मौके से फरार हो गए।


CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

दिनदहाड़े हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही बिक्रमगंज थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों का सुराग लगाया जा सके।

मामले की जानकारी देते हुए SDPO सिंधु शेखर सिंह ने बताया: अपराधियों की पहचान और उनकी त्वरित गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम (SIT) का गठन कर दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज से कुछ अहम सुराग मिले हैं। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही इस पूरी वारदात का पर्दाफाश कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

................................................................................................

रोहतास लूट कांड, बिक्रमगंज क्राइम न्यूज, हीरा आभूषण भंडार लूट, Rohtas Jewelry Shop Robbery, Bikramganj News, Rohtas Police, Bihar Crime News