साहिबगंज नगर परिषद के अध्यक्ष रामनाथ पासवान ने ईओ अभिषेक कुमार सिंह पर जाति सूचक शब्द कहने और दुर्व्यवहार का आरोप लगा दर्ज कराया SC-ST केस। पुलिस जांच में जुटी, ईओ का फोन स्विच ऑफ।
कंचन क्रांति ब्यूरो, भागलपुर।
साहिबगंज नगर परिषद में प्रशासनिक और राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। नगर परिषद के अध्यक्ष रामनाथ पासवान ने कार्यपालक पदाधिकारी (EO) अभिषेक कुमार सिंह के खिलाफ नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। अध्यक्ष का आरोप है कि कार्यपालक पदाधिकारी ने उनके साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उन्हें अपमानित किया।
अध्यक्ष की लिखित शिकायत के आधार पर नगर थाना पुलिस ने एससी-एसटी (SC-ST) एक्ट समेत अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और छानबीन में जुट गई है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस सूत्रों और दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, मामला 9 जुलाई की सुबह का है। नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान ने अपने आवेदन में कहा है कि वे पूर्वाह्न करीब 11:45 बजे जनहित के मुद्दों को लेकर कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह से मिलने उनके सरकारी कक्ष में गए थे। आरोप है कि कक्ष में जाते ही ईओ बिफर गए और कहा, नप (नगर परिषद) बोर्ड का बहिष्कार किए हैं तो मेरा क्या उखड़ गया? मेरी पहुंच रांची तक है।
इस पर जब अध्यक्ष ने आपत्ति जताते हुए कहा कि वे यहां सिर्फ जनता की समस्याओं को लेकर आए हैं, तो ईओ ने उनके साथ दुर्व्यवहार शुरू कर दिया और जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। आवेदन में यह भी उल्लेख है कि इस पूरी घटना के दौरान मौके पर एक वार्ड पार्षद भी मौजूद थे।
केस दर्ज होते ही आवास पहुंची पुलिस, ईओ का फोन स्विच ऑफ
मामला दर्ज होने के तुरंत बाद नगर थाना पुलिस हरकत में आई और जांच के सिलसिले में नगर परिषद कार्यालय तथा कार्यपालक पदाधिकारी के सरकारी आवास पर छापेमारी करने पहुंची। हालांकि, ईओ अभिषेक कुमार सिंह न तो अपने कार्यालय में मिले और न ही आवास पर।
इधर, प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि केस दर्ज होने की भनक लगते ही कार्यपालक पदाधिकारी अचानक छुट्टी पर चले गए हैं। फिलहाल उनका मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ आ रहा है, जिसके कारण इस पूरे प्रकरण पर उनका पक्ष सामने नहीं आ सका है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
..........................................................................................................
Keywords -
साहिबगंज नगर परिषद विवाद (Sahibganj Nagar Parishad Controversy), ईओ अभिषेक कुमार सिंह पर केस (Case on EO Abhishek Kumar Singh), रामनाथ पासवान एससी एसटी एक्ट (Ramnath Paswan SC ST Act), साहिबगंज ब्रेकिंग न्यूज (Sahibganj Breaking News), कंचन क्रांति न्यूज भागलपुर (Kanchan Kranti News Bhagalpur), कार्यपालक पदाधिकारी पर प्राथमिकी (FIR on Executive Officer Sahibganj), झारखंड प्रशासनिक सेवा समाचार (Jharkhand Administrative News)
