मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ज्ञान भवन में तीन दिवसीय 'ज्वेलरी महोत्सव-2026' का शुभारंभ किया। देश भर सहित झारखंड और पड़ोसी राज्यों के व्यापारियों के लिए यह बड़ा मंच साबित होगा।
कंचन क्रांति न्यूज, पटना।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र परिसर स्थित ज्ञान भवन में 'स्वर्णकार समाज विकास एवं शोध संस्थान' द्वारा आयोजित तीन दिवसीय 'ज्वेलरी महोत्सव-2026' का दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। ज्ञान भवन के भूतल पर आयोजित यह ज्वेलरी महोत्सव 1 सितंबर तक चलेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संस्थान से जुड़े देशभर के विभिन्न हिस्सों से आए लगभग 200 आभूषण निर्माताओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने स्टॉलों पर प्रदर्शित नए डिजाइनों एवं आधुनिक ज्वेलरी उत्पादों की जानकारी ली और आभूषण निर्माताओं से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कारोबारियों को भरोसा दिलाते हुए कहा, आप सभी निर्भीक होकर यहां बेहतर व्यवसाय करें, राज्य सरकार आपको हर प्रकार की सुविधा और सुरक्षा उपलब्ध कराएगी।
देशभर के सराफा कारोबारियों का हुआ जुटान
इस महोत्सव में सूरत, मुंबई, कोलकाता, अहमदाबाद, कोटा, आगरा, नागपुर और लखनऊ के अलावा झारखंड एवं आसपास के प्रमुख शहरों के आभूषण निर्माता और थोक व्यापारी शामिल हुए हैं। इस आयोजन से झारखंड और बिहार के स्थानीय सराफा कारोबारियों को राष्ट्रीय स्तर की डिजाइनिंग, नए आभूषण निर्माण तकनीकों को समझने और सीधे निर्माताओं से जुड़ने का बड़ा अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने मुख्यमंत्री का स्वागत पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर किया। इस मौके पर विधायक राणा रणधीर सिंह, स्वर्णकार समाज विकास एवं शोध संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारी, प्रमुख आभूषण निर्माता और सराफा उद्योग से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित थे।
.....................................................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822