मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सीतामढ़ी स्थित पुनौराधाम में मां जानकी की पूजा-अर्चना की। उन्होंने घोषणा की कि 31 दिसंबर 2028 तक भव्य मंदिर का निर्माण पूरा कर मां जानकी की प्रतिमा स्थापित कर दी जाएगी।

 

  1. मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां जानकी की पूजा कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की।
  2. अस्थायी काष्ठ मंडपम में भगवान श्री राम और माता सीता की प्रतिमाएं स्थापित की गईं।
  3. 31 दिसंबर 2028 तक भव्य मंदिर निर्माण पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित।
  4. पुनौराधाम के कायाकल्प से धार्मिक पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।


अवध कुमार, पटना।

 

मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को माता जानकी की पावन जन्मस्थली सीतामढ़ी स्थित पुनौराधाम मंदिर पहुंचकर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां जानकी की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने राज्य की सुख-शांति, समृद्धि एवं जन-कल्याण की कामना की। पूजा-अर्चना के दौरान मुख्यमंत्री ने पुनौराधाम मंदिर परिसर में नवनिर्मित अस्थायी काष्ठ मंडपम में भगवान श्री राम एवं माता सीता की प्रतिमाओं को स्थापित किया।

 

पूजा के उपरांत मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माणाधीन भव्य मां सीता मंदिर परिसर के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने प्रस्तावित मंदिर के मॉडल के जरिए परकोटा, यज्ञ मंडप, अनुष्ठान मंडप, पीठाधीश्वर निवास, संग्रहालय (म्यूजियम), ऑडिटोरियम और महिला हाट सहित श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए तैयार की जा रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

 

पत्रकारों एवं श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 31 दिसंबर 2028 तक मंदिर का निर्माण कार्य पूर्ण कर मां जानकी को भव्य मंदिर में स्थापित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा, "मां जानकी की जन्मभूमि होने के कारण पुनौराधाम बिहार की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख केंद्र है। इसका समग्र विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।" मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि इस परियोजना से आध्यात्मिक पर्यटन को पंख लगेंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर सृजित होंगे।

 

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर प्रांगण में बज्जिका कला एवं सिक्की कला पर आधारित शिल्प प्रदर्शनी का अवलोकन किया और स्थानीय कलाकारों की कलाकृतियों की सराहना की। मंदिर प्रबंधन की ओर से उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, सीतामढ़ी जिले की प्रभारी मंत्री श्रेयसी सिंह, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता, स्थानीय सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त, जिलाधिकारी रिचि पाण्डेय तथा पुलिस अधीक्षक अमित रंजन सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

…………………………………………………………………………..

सम्राट चौधरी, पुनौराधाम सीतामढ़ी, मां जानकी मंदिर, सीतामढ़ी न्यूज, बिहार पर्यटन, पुनौराधाम विकास परियोजना, सम्राट चौधरी सीतामढ़ी दौरा