राजकीय श्रावणी मेला 2026 के सफल संचालन पर देवघर में भव्य मीडिया सम्मान समारोह आयोजित। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और एसपी प्रवीण पुष्कर ने पत्रकारों को शॉल व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

 राजकीय श्रावणी मेला 2026 के सफल और सुरक्षित समापन के उपरांत शनिवार को सूचना भवन सभागार में भव्य मीडिया सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मीडियाकर्मियों को प्रशस्ति पत्र, शॉल और मीडिया किट देकर सम्मानित किया गया।

 

समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि सभी के एकीकृत प्रयासों से ही इस भव्य मेले का निर्विघ्न आयोजन संभव हो सका। उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की नगरी में श्रद्धालुओं को सुलभ जलार्पण और सुरक्षित वातावरण देने के लिए प्रशासन पूरी तत्परता से जुटा रहा। मीडिया ने पूरे मेले के दौरान सकारात्मक पत्रकारिता का परिचय देते हुए पल-पल की सटीक खबरें जन-जन तक पहुंचाईं, जिसके लिए पूरा जिला प्रशासन उनका आभारी है।

 

पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कानून-व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन में मीडिया की भूमिका को सराहते हुए कहा कि मीडिया से मिले फीडबैक ने सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में अहम योगदान दिया। कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती सहित वरिष्ठ पत्रकार रामनंदन सिंह, आरसी सिन्हा और राकेश कर्महे ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने मेले में सफाई, सुरक्षा और सुलभ दर्शन के लिए प्रशासन की बेहतर कार्यशैली की खुलकर प्रशंसा की।

 .......................................................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822