देवघर में राजकीय श्रावणी मेला 2026 की स्वास्थ्य तैयारियों की मंत्री इरफान अंसारी ने समीक्षा की। कांवरियों को 24 घंटे स्वास्थ्य सेवा, 35 शिविर, 41 एंबुलेंस और 150 से अधिक बेड की सुविधा मिलेगी।

तरुण कुमार कंचन, देवघर

राजकीय श्रावणी मेला 2026 में बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और कांवरियों के स्वास्थ्य व सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार ने पूरी तरह कमर कस ली है। स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री इरफान अंसारी की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई, जिसमें मेला क्षेत्र में 24 घंटे निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था बहाल रखने की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।

बैठक के दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि बाबा के भक्तों को किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पूरे मेला क्षेत्र में डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती और दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है।

संपूर्ण मेला क्षेत्र में लगेंगे 35 स्वास्थ्य शिविर

उपायुक्त श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने बैठक में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का ब्यौरा प्रस्तुत किया। कांवरियों की सुविधा के लिए इस वर्ष कुल 35 स्वास्थ्य शिविरों का संचालन किया जाएगा:

32 स्वास्थ्य केंद्र 24 घंटे कार्यरत रहेंगे, जहां चिकित्सक, दवाएं, ऑक्सीजन और एंबुलेंस हर समय उपलब्ध होंगे।

03 स्वास्थ्य केंद्र (तपोवन, खरगडीहा और त्रिकुट पहाड़) प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक (12 घंटे) संचालित होंगे।

इसके अलावा, त्वरित इलाज के लिए पूरे मेला क्षेत्र में 21 प्राथमिक उपचार केंद्र निरंतर सेवा देंगे।


150 से अधिक बेड और डायरिया मरीजों के लिए विशेष वार्ड

अस्पतालों में भीड़ और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बेड प्रबंधन को दुरुस्त किया गया है:

अस्थायी मेला अस्पताल (पुराना सदर अस्पताल) में 50 बेड और नये सदर अस्पताल में 100 बेड तैयार रखे गए हैं।

मेला क्षेत्र के प्रमुख पड़ावों जैसे दुम्मा, बी०एड० कॉलेज, कुमैठा और नेहरू पार्क में 10-10 बेड वाले शिविर बनाए गए हैं।

अन्य 9 प्रमुख स्थानों (शिवगंगा, नन्दन पहाड़ आदि) पर 05-05 बेड और बाबा मंदिर व क्यू कॉम्प्लेक्स में 02-02 बेड के प्राथमिक चिकित्सा शिविर रहेंगे।

बरसात के मौसम को देखते हुए पुराने सदर अस्पताल के आई हॉस्पिटल (Eye Hospital) के निचले तल पर डायरिया मरीजों के लिए 20 बेड का विशेष वार्ड बनाया गया है।

आपातकालीन प्रबंधन: 41 एंबुलेंस और 100 बैकअप बेड

किसी भी बड़ी दुर्घटना या आपदा से निपटने के लिए सदर अस्पताल में 50 बेड रिजर्व रखे गए हैं। इसके अतिरिक्त आई०एम०ए० (IMA) और निजी नर्सिंग होम के साथ समन्वय बनाकर 100 अतिरिक्त इमरजेंसी बेड का बैकअप तैयार किया गया है। श्रद्धालुओं के त्वरित परिवहन के लिए कुल 41 एंबुलेंस तैनात की गई हैं, जिनमें रूट लाइन पर चलने वाली 10 'टोटो एंबुलेंस' और 4 रिस्पॉन्स टीम एंबुलेंस शामिल हैं।

मिलावटखोरों पर रहेगी पैनी नजर, बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो ड्रॉप

स्वास्थ्य विभाग केवल इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि जन-स्वास्थ्य और स्वच्छता पर भी विशेष फोकस है:

खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए 03 उड़नदस्ता दल (फ़ूड इंस्पेक्टर) तैनात किए गए हैं।

नकली और घटिया दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए 02 औषधि निरीक्षक दल सक्रिय रहेंगे।

मेला क्षेत्र में ब्लीचिंग पाउडर और चूने के छिड़काव के लिए 02 विशेष स्वच्छता दल लगाए गए हैं।

अन्य राज्यों से आने वाले 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के लिए 21 पल्स पोलियो केंद्र बनाए गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री श्री इरफान अंसारी का बयान: राज्य सरकार का यह संकल्प है कि बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी कोई परेशानी न हो। स्वास्थ्य विभाग पूरी संवेदनशीलता और मुस्तैदी के साथ बाबा भक्तों की सेवा में समर्पित रहेगा।

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में मंत्री के अलावा देवघर विधायक श्री सुरेश पासवान, पुलिस अधीक्षक श्री प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त श्री पीयूष सिन्हा, देवघर व दुमका के सिविल सर्जन सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे।


..............................


श्रावणी मेला 2026, देवघर न्यूज़, स्वास्थ्य व्यवस्था देवघर, इरफान अंसारी, बाबा बैद्यनाथ धाम, कांवरिया स्वास्थ्य सुविधा, Shravani Mela Deoghar.