राजकीय श्रावणी मेला 2026 को लेकर देवघर प्रशासन सख्त। एसडीएम रवि कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में नो-एंट्री जोन, वाहनों का नया रूट प्लान और रेट चार्ट तय करने के निर्देश दिए गए। पढ़ें पूरी खबर।

तरुण कुमार कंचन, देवघर।

विश्व प्रसिद्ध 'राजकीय श्रावणी मेला 2026' में देवघर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले के दौरान शहर को ट्रैफिक जाम से मुक्त रखने और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने को लेकर अनुमंडल अधिकारी (SDM) सह अनुमंडल दंडाधिकारी रवि कुमार की अध्यक्षता में अनुमंडल कार्यालय कक्ष में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

नो-एंट्री जोन और विशेष रूटलाइन होगी लागू

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम रवि कुमार ने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान पूरे देवघर शहर में यातायात को नियंत्रित करना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। इसके लिए वाहनों के परिचालन हेतु विशेष रूटलाइन और 'नो-एंट्री जोन' का निर्धारण किया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नो-एंट्री नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए ताकि श्रद्धालुओं को पैदल आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

मनमाना किराया वसूलने पर रोक, तय होगा न्यायसंगत शुल्क

मेले के दौरान बाहर से आने वाले कांवरियों एवं श्रद्धालुओं से ऑटो, टोटो व अन्य वाहनों द्वारा अतिरिक्त किराया वसूलने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने न्यायसंगत शुल्क (रेट चार्ट) निर्धारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सेवा प्रदाताओं के लिए तय दरें पारदर्शी होंगी, जिससे किसी भी श्रद्धालु का आर्थिक शोषण न हो सके।

सभी एसोसिएशन से समन्वय की अपील

एसडीएम ने बैठक में मौजूद बस, टेम्पो और टोटो एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे श्रद्धालुओं की सेवा को प्राथमिकता दें और प्रशासनिक दिशानिर्देशों का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस और स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ वाहन संघों के आपसी समन्वय से ही इतने बड़े आयोजन को सुरक्षित और सफल बनाया जा सकता है।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

इस उच्च स्तरीय बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO), अनुमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO), पुलिस उपाधीक्षक (CCR)-सह-यातायात उपाधीक्षक, देवघर यातायात प्रभारी के साथ-साथ देवघर बस ऑनर्स एसोसिएशन, टेम्पू एवं टोटो ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष, सचिव और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

..........................................

राजकीय श्रावणी मेला 2026, देवघर ट्रैफिक प्लान, श्रावणी मेला रूट चार्ट, एसडीएम रवि कुमार देवघर, देवघर नो एंट्री जोन, Shravani Mela 2026 Deoghar, Deoghar Traffic News